उत्तर प्रदेश और बिहार में हुए विधान परिषद (एमएलसी) चुनावों के नतीजे सामने आ रहे हैं. लखनऊ स्नातक सीट पर समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी कांति सिंह ने शानदार जीत दर्ज की है. उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अवनीश कुमार सिंह को 17,225 वोटों से हराकर छह साल पुरानी हार का बदला ले लिया. बिहार की 8 एमएलसी सीटों में से 7 के नतीजे घोषित हो चुके हैं. इनमें भाजपा को दो, जदयू को एक, राजद को एक, जन सुराज पार्टी को एक और दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों को जीत मिली है. दरभंगा स्नातक सीट का परिणाम आना अभी बाकी है, जहाँ भाजपा के सर्वेश कुमार आगे चल रहे हैं. बैलेट पेपर और दूसरी वरीयता के वोटों की गिनती के कारण परिणाम में देरी हो रही है.