'मैं विनेश के राजनीति में आने के खिलाफ हूं, एक ओलंपिक और...', कांग्रेस जॉइन करने पर महावीर फोगाट भड़के

महावीर सिंह फोगाट को विनेश फोगाट का राजनीति में आना रास नहीं आया. उन्होंने विनेश की पॉलिटिक्स में एंट्री को लेकर कहा है कि यह फैसला गलत है. विनेश को एक और ओलंपिक खेलना चाहिए.

Advertisement
महावीर फोगाट और विनेश फोगाट. महावीर फोगाट और विनेश फोगाट.

राकेश गुर्जर

  • नई दिल्ली,
  • 09 सितंबर 2024,
  • अपडेटेड 4:30 PM IST

कुश्ती की कद्दावर पहलवान के तौर पर अपनी पहचान बना चुकीं विनेश फोगाट ने हाल ही में कांग्रेस पार्टी का हाथ थाम लिया. उन्होंने हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले यह फैसला लिया. लेकिन उनके ताऊ और कुश्ती के गुरु महावीर सिंह फोगाट को उनका यह फैसला पसंद नहीं आया.

महावीर फोगाट का कहना है कि मैं विनेश की राजनीति में आने के खिलाफ हूं. मैं चाहता हूं कि उसको एक और ओलंपिक खेलना चाहिए.

Advertisement

उन्होंने कहा कि मेरी सोच थी कि वो (विनेश) 2028 के ओलंपिक की तैयारी करे और उसमें लड़े. एक ओलंपिक और लड़ना था. जो गोल्ड मेडल की उसकी जिद थी, उसे पूरा करना था. उन्होंने कहा कि आंदोलन किसी राजनीति से प्रेरित नहीं था.

महावीर फोगाट ने कहा कि खिलाड़ियों को तब राजनीति में आना चाहिए, जब उनकी आस छूट जाए. विनेश एक ओलंपिक और लड़ सकती थी. उन्हें पहले ओलंपिक लड़ना चाहिए था, फिर राजनीति में आना चाहिए था. 

बता दें कि विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने पिछले हफ्ते कांग्रेस का दामन थाम लिया था. इससे पहले विनेश और बजरंग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से उनके आवास पर मुलाकात की थी. इसके बाद वे कांग्रेस महासचिव प्रभारी संगठन केसी वेणुगोपाल, एआईसीसी महासचिव प्रभारी हरियाणा दीपक बाबरिया, हरियाणा कांग्रेस प्रमुख उदय भान और कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा की मौजूदगी में एआईसीसी मुख्यालय में कांग्रेस में शामिल हुए.

Advertisement

जुलाना से लड़ रही हैं चुनाव

विनेश फोगाट हरियाणा के जुलाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं. इसके बाद विनेश ने अपने पति के पैतृक गांव बक्ता खेड़ा से जुलाना विधानसभा चुनाव का प्रचार अभियान शुरू किया. इस दौरान विनेश ने रोड शो भी किया.

पार्टी में शामिल होने के बाद विनेश फोगाट ने कहा था कि बीजेपी बृजभूषण शरण सिंह का समर्थन कर रही थी, जबकि कांग्रेस ने इस दौरान पहलवानों का समर्थन किया.

उन्होंने कहा था कि मैं देश के लोगों और मीडिया का शुक्रिया अदा करती हूं, आपने मेरी रेसलिंग जर्नी के दौरान मेरा साथ दिया. मैं कांग्रेस पार्टी का शुक्रिया अदा करती हूं, कठिन समय आपको बताता है कि आपके साथ कौन है. जब हमें सड़कों पर घसीटा गया, तो भाजपा को छोड़कर सभी दल हमारे साथ खड़े थे. मैं एक नई पारी शुरू कर रही हूं, मैं चाहती हूं कि खिलाड़ियों को वह सब न सहना पड़े, जिससे हमें गुजरना पड़ा. उन्होंने कहा कि हम डरेंगे नहीं और पीछे नहीं हटेंगे. हमारा कोर्ट केस चल रहा है, हम उसमें भी जीतेंगे. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement