अमेरिका में काम कर रहे 30 साल के भारतीय इंजीनियर पर अपनी पत्नी की हत्या का आरोप है. पुलिस का कहना है कि उसने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी.
तेलंगाना के रहने वाले सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर अविनाश नार्ने की पत्नी राजीथा सब्बिनेनी अक्टूबर 2025 में वॉशिंगटन स्थित घर में मृत पाई गई थीं. करीब नौ महीने चली विस्तृत जांच के बाद पुलिस ने अविनाश नार्ने को गिरफ्तार कर हत्या का आरोप लगाया है.
जांच एजेंसियों का दावा है कि उसने पूर्व नियोजित तरीके से पत्नी की हत्या की, जबकि भारत में उसकी एक दूसरी महिला के साथ प्रेम संबंध भी था. रिपोर्ट के अनुसार, नार्ने ने पूछताछ में स्वीकार किया कि पत्नी की मौत के अगले दिन उसने अपनी प्रेमिका को राजीथा के शव की तस्वीर भेजी थी. आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है. अगर अदालत उसे दोषी ठहराती है तो उसे आजीवन कारावास की सजा हो सकती है.
बाथरूम में मिला था पत्नी का शव
रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2025 की रात बेलव्यू पुलिस को एक शख्स का फोन आया था. उसने बताया कि उसकी पत्नी बाथरूम के अंदर बंद है और कोई जवाब नहीं दे रही है. ऐसे में पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर गई, जहां राजीथा फर्श पर मृत अवस्था में पड़ी मिलीं. मौके पर ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनकी शादी को उस समय छह महीने भी पूरे नहीं हुए थे.
हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि उनकी मौत गला घोंटने से हुई है. इसके बाद मामले को आधिकारिक तौर पर हत्या घोषित कर दिया गया. जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, पुलिस का शक पति अविनाश नार्ने पर गहराता गया.
नार्ने ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वह कुछ सामान लेने के लिए घर से बाहर गया था और करीब 40 मिनट बाद लौटा. उसके मुताबिक, लौटने पर उसने देखा कि पत्नी बाथरूम के अंदर बंद है. काफी कोशिश के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने पुलिस को फोन कर दिया लेकिन जांच में जुटी पुलिस ने कहा कि डिजिटल साक्ष्यों ने उसकी इस कहानी को झूठा साबित कर दिया.
दस्तावेजों के मुताबिक, अधिकारियों ने अपार्टमेंट के मुख्य दरवाजे पर लगे सुरक्षा सिस्टम और स्मार्ट लॉक का डेटा खंगाला. रिकॉर्ड से पुष्टि हुई कि नार्ने कुछ समय के लिए घर से बाहर गया था, लेकिन उसके बाहर रहने के दौरान कोई अन्य व्यक्ति अपार्टमेंट में दाखिल नहीं हुआ. इस आधार पर पुलिस ने किसी अज्ञात हमलावर के घर में घुसकर हत्या करने की संभावना को पूरी तरह खारिज कर दिया.
भारत में दूसरी महिला से गुप्त संबंध का खुलासा
जांच के दौरान जब पुलिस ने नार्ने के फोन रिकॉर्ड, संदेशों और निजी संबंधों की पड़ताल की तो अभियोजन पक्ष के अनुसार हत्या का संभावित मकसद सामने आया. अदालती दस्तावेजों में कहा गया है कि शादी से पहले भारत में नार्ने का एक दूसरी महिला के साथ गुप्त प्रेम संबंध था. पुलिस का दावा है कि शादी के बाद भी यह रिश्ता जारी रहा और वह महिला दंपति की शादी में भी शामिल हुई थी.
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, विवाह के बाद भी नार्ने लगातार उस महिला के संपर्क में था. जांच में पता चला कि पत्नी की मौत वाले दिन उसने उस महिला को कम से कम चार बार फोन किया. इनमें से कुछ कॉल उसी समय किए गए थे, जब वह पुलिस के अनुसार बाथरूम का दरवाजा खोलने की कोशिश करने का दावा कर रहा था.
पुलिस का यह भी आरोप है कि पत्नी की मौत के अगले दिन नार्ने ने उसी महिला को राजीथा के शव की तस्वीर भेजी थी. पूछताछ के दौरान उसने ऐसा करने की बात स्वीकार भी की.
aajtak.in