अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के बेहद करीबी और कुख्यात ड्रग माफिया सलीम डोला को तुर्की से भारत डिपोर्ट कर दिया गया है. आज सुबह एक विशेष विमान के जरिए उसे दिल्ली के टेक्निकल एयरपोर्ट लाया गया. सलीम डोला को हाल ही में तुर्की के इस्तांबुल में वहां की सुरक्षा एजेंसियों ने पकड़ा था.
डोला दुबई और तुर्की जैसे देशों में छिपकर भारतीय युवाओं तक ड्रग्स पहुंचाने का सिंडिकेट चला रहा था. भारतीय खुफिया एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एक बड़ा ऑपरेशन चलाया. इसके बाद डोला को भारत लाने का रास्ता साफ हुआ.
अब खुफिया एजेंसियां दिल्ली में उससे पूछताछ कर रही हैं. इसके बाद उसे मुंबई पुलिस या नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) को सौंप दिया जाएगा.
5,000 करोड़ का ड्रग साम्राज्य
डोला के तार सीधे तौर पर दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क से जुड़े हैं. वो भारत में ड्रग्स सप्लाई का एक बड़ा चैनल संभाल रहा था. सलीम डोला का नाम ग्लोबल सिंथेटिक ड्रग नेटवर्क में बहुत बड़ा माना जाता है. जानकारी के मुताबिक, उसका ड्रग सिंडिकेट सालाना 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का काला कारोबार कर रहा था.
डोला पर था 1 लाख का ईनाम
भारत के कई हिस्सों में डोला की अवैध ड्रग फैक्ट्रियां और लैब पहले ही पकड़ी जा चुकी हैं. उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी था और NCB ने उस पर 1 लाख रुपये का इनाम भी रखा था. सलीम डोला पहले मुंबई और फिर दुबई से अपना पूरा नेटवर्क चला रहा था. भारतीय एजेंसियां पिछले साल से ही उसके करीबियों पर कार्रवाई कर रही हैं.
यह भी पढ़ें: फ्लैट पर पहुंचे हथियारों से लैस कमाडों और सलीम डोला को दबोचा... इस्तांबुल ऑपरेशन का VIDEO
अक्टूबर 2025 में डोला के करीबी मोहम्मद सलीम सोहेल शेख को दुबई से भारत लाया गया था. नवंबर 2025 में डोला के बेटे ताहिर डोला समेत परिवार के चार सदस्यों को भी दुबई से लाकर गिरफ्तार किया गया था.
अरविंद ओझा