दो बच्चे पानी में डूबे, एक युवक को लगा करंट... बारिश से दिल्ली-गाजियाबाद में तीन मौतें

गाजियाबाद में घर के बाहर जलभराव में डूबने से तीन साल की बच्ची की मौत हो गई. वहीं, दिल्ली के बादली में सात साल के बच्चे की मौत से मातम पसरा हुआ है.

Advertisement
 दिल्ली में बारिश की वजह से जगह-जगह जलभराव (Photo: Reuters) दिल्ली में बारिश की वजह से जगह-जगह जलभराव (Photo: Reuters)

मयंक गौड़ / राजेश खत्री / हिमांशु मिश्रा

  • गाजियाबाद/नई दिल्ली,
  • 09 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:44 PM IST

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बारिश के बाद जलभराव एक मासूम की जान पर भारी पड़ गया. विजय नगर थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर इलाके में घर के बाहर गली में भरे पानी में डूबने से सब्जी बेचने वाले शख्स के तीन साल की बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है.

जानकारी के मुताबिक, बच्ची अपने घर के बाहर गली में जमा बारिश के पानी में चली गई और डूब गई. जब तक परिजनों और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिली, तब तक काफी देर हो चुकी थी.

Advertisement

बच्ची को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

गुस्साए लोगों ने किया प्रदर्शन

घटना के बाद गुस्साए परिजन और स्थानीय लोग बच्ची के शव को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (NH-9) के किनारे धरने पर बैठ गए. प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जलभराव के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है.

गली में भरा था तीन फीट पानी...

पड़ोसी राम कुमार ने आजतक के साथ बातचीत में बताया कि रात में बारिश हुई और जलभराव हो गया. गली में करीब तीन फीट पानी भर गया था. बच्ची खेलते हुए गली में आ गई और पानी में कूद गई. गली में भरे पानी की गहराई बहुत ज्यादा थी. ऐसे में वह डूब गई.

उन्होंने आगे बताया कि बच्ची के घर वालों को पता नहीं था. 4-5 घंटे बाद जब घर वालों ने देखा, तो पता चला की बच्ची मर चुकी है. घटना के बारे में पता चलने के बाद बच्ची को डॉक्टर पास ले जाया गया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. 

Advertisement

राम कुमार ने आगे बताया, "पिछले कई सालों से इलाके में जलभराव की समस्या है. जब से एनएच 24 चौड़ा हुआ है, जब से हालात बहुत ज्यादा खराब हो गए हैं. हमने कई बार नगर निगम में शिकायत भी की, इसकी फाइल भी गई हुई है लेकिन अभी तक इसका काम शुरू नहीं हुआ.

यह भी पढ़ें: मौसम अलर्ट: दिल्ली-NCR समेत इन शहरों में कल भी बारिश के आसार, न्यूनतम तापमान 27 डिग्री

दिल्ली में 7 साल के बच्चे की मौत 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बादली में बारिश के बाद भरे पानी में डूबने से सात साल के बच्चे की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, बच्चा रिहान घर से शौच के लिए निकला था. शौच के दौरान पैर फिसलने से जलभराव में डूबा गया. परिजनों के ढूंढ़ने के बाद खाली प्लॉट में भरे पानी से बच्चे का शव बरामद किया गया.

स्थानीय लोगों और परिजनों का आरोप है कि बारिश के जलभराव ने मासूम की जान ले ली. घटना की जानकारी मिलते ही  समयपुर बादली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जगजीवन राम हॉस्पिटल भेज दिया. इस घटना के बाद से ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है.

Advertisement

ट्रांसफॉर्मर के पास करंट लगने से युवक की मौत

गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में बारिश के जलभराव के दौरान पार्क के बाहर करंट फैलने की वजह से एक युवक की मौत हो गई. घटना का सीसीटीवी वीडियो और मौके का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक अचानक गिरता हुआ दिखाई देता है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 3:50 बजे यूपी-112 के जरिए जानकारी मिली कि ज्ञान खंड-1 स्थित LYF अस्पताल में एक युवक को मृत अवस्था में लाया गया है. सूचना मिलते ही इंदिरापुरम थाना पुलिस अस्पताल पहुंची.

मृतक की पहचान बबलू उर्फ नरेंद्र काछी (24) के रूप में हुई है. वह मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बड़ा महवा अंजनौर गांव का रहने वाला था और गाजियाबाद की एक सोसायटी में सफाई कर्मचारी के तौर पर काम करता था.

चश्मदीदों के मुताबिक, दोपहर करीब 3 बजे युवक पार्क से बाहर निकल रहा था. पार्क का गेट लोहे का है और उसके ठीक पास एक ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ है. लगातार बारिश की वजह से वहां पानी भर गया था. आशंका है कि ट्रांसफॉर्मर से करंट पानी में फैल गया, जिसकी चपेट में आने से युवक अचानक सड़क पर गिर पड़ा.

Advertisement

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में युवक की मौत बिजली का करंट लगने से होने की आशंका है. हालांकि, मौत के सही कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही होगी. मामले की जांच जारी है.

 
---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »