लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को देहरादून पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में हिस्सा लिया. कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. इसके बाद वह सीधे कांग्रेस कार्यकर्ता अमर मेहता के घर पहुंचे, जिनकी कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान हुए हादसे में मौत हो गई थी. राहुल गांधी ने उनके परिवार से मुलाकात कर श्रद्धांजलि दी और भरोसा दिलाया कि कांग्रेस इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी रहेगी.
इसके बाद राहुल गांधी ने हयात सेंट्रिक होटल में प्रदेश कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक की और फिर बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में पहुंचे. लगातार हो रही बारिश के बावजूद कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ. आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक छात्र, प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थी और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए.
कार्यक्रम की शुरुआत देहरादून के रैपर कर्मा और डकैत की प्रस्तुति से हुई. कर्मा ने अपने गीतों के साथ देहरादून में पेड़ों की कटाई का मुद्दा भी उठाया और पर्यावरण संरक्षण की अपील की. कार्यक्रम स्थल पर कई छात्र NEET अभ्यर्थी रिया थापा की तस्वीरें लेकर पहुंचे और एजुकेशन सिस्टम में पारदर्शिता की मांग करते रहे.
राहुल गांधी के मंच पर पहुंचते ही सबसे पहले दिवंगत अमर मेहता को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई. अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि देश के करोड़ों परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज तक लेते हैं, लेकिन पेपर लीक और भ्रष्टाचार मेहनती युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि करीब 9 करोड़ युवा सरकारी नौकरियों की तैयारी करते हैं, लेकिन केवल 6 लाख को ही नौकरी मिल पाती है.
राहुल गांधी ने मंच पर छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को भी बुलाया. एक महिला अभ्यर्थी ने कहा, "हम पेपर पास कर लेते हैं, लेकिन सरकार से हार जाते हैं." इस पर मैदान तालियों से गूंज उठा. राहुल गांधी ने एक 'पेपर लीक मेन्यू कार्ड' दिखाते हुए दावा किया कि देश में 152 पेपर लीक की घटनाओं से करीब 7.5 करोड़ युवा प्रभावित हुए, लेकिन किसी को सजा नहीं मिली.
कार्यक्रम का सबसे भावुक पल तब आया जब NEET अभ्यर्थी रिया थापा के पिता मंच पर पहुंचे. उन्होंने अपनी बेटी की मौत का जिक्र करते हुए न्याय की मांग की. वहीं शिक्षक अभिनय ने कहा कि पेपर लीक अब एक संगठित कारोबार बन चुका है और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की जरूरत है. राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक किसी एक दल का नहीं, बल्कि पूरे देश के युवाओं का मुद्दा है और इसके लिए एक स्वतंत्र, जवाबदेह और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली बनाई जानी चाहिए.
कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी ने एयरपोर्ट लौटते समय देहरादून के सात मोड़ क्षेत्र में जंगलों की कटाई का विरोध कर रहे लोगों से भी मुलाकात की और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल को इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के निर्देश दिए.
अंकित शर्मा