'एक इंच भी पीछे नहीं हटेंगे...', महाराष्ट्र के छात्रों के मुद्दे पर राहुल गांधी का फडणवीस सरकार पर बड़ा हमला

राहुल गांधी ने महाराष्ट्र की फडणवीस सरकार पर आदिवासी छात्रों की मांगों को लेकर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुंबई में प्रदर्शन के लिए पहुंचे आदिवासी छात्रों को पुलिस कांग्रेस कार्यालय से उठाकर ले गई.

Advertisement
राहुल गांधी ने आदिवासी छात्रों के प्रदर्शन पर फडणवीस सरकार को घेरा.(Photo-ITG) राहुल गांधी ने आदिवासी छात्रों के प्रदर्शन पर फडणवीस सरकार को घेरा.(Photo-ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 05 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:38 PM IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र की फडणवीस सरकार पर छात्रों की शिक्षा व्यवस्था और उनके साथ अन्याय को लेकर निशाना साधा है. राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र के छात्र सरकार की शिक्षा व्यवस्था और अन्याय से परेशान हैं.

राहुल गांधी ने अपने एक्स पोस्ट में कहा कि आदिवासी छात्र अपनी मांगों को लेकर मुंबई पहुंचे हैं. इनमें कुछ छात्र बस से आए, जबकि कुछ पैदल चलकर मुंबई पहुंचे. उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों में आदिवासी आश्रमशालाओं और छात्रावासों में बुनियादी सुविधाएं और छात्रवृत्ति शामिल हैं. राहुल गांधी ने कहा कि ये ऐसी सुविधाएं हैं, जो किसी भी बच्चे का हक हैं.

Advertisement

राहुल गांधी के मुताबिक, मुंबई में छात्रों के रुकने की जगह नहीं थी, इसलिए कांग्रेस ने उन्हें तिलक भवन में ठहराया. उन्होंने आरोप लगाया कि आज सुबह होने से पहले पुलिस कांग्रेस कार्यालय के अंदर घुसी और इन बच्चों को वहां से उठाकर ले गई. राहुल गांधी ने कहा कि आजाद मैदान में प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस ने यह कार्रवाई की. उन्होंने कहा कि जो बच्चे नासिक से पैदल चलकर आए, उन्हें यही जवाब मिला.

MPSC के अभ्यर्थी भी सत्याग्रह पर बैठे

राहुल गांधी ने कहा कि पुणे में MPSC के अभ्यर्थी भी सत्याग्रह पर बैठे हैं. उन्होंने कहा कि उनकी मांगें नई नहीं हैं और उन्होंने इन मुद्दों को मुख्यमंत्री फडणवीस के सामने भी उठाया था, लेकिन उस समय कुछ नहीं हुआ. राहुल गांधी ने कहा कि इसी वजह से आज ये बच्चे सड़क पर हैं. राहुल गांधी ने कहा कि वह और कांग्रेस पार्टी महाराष्ट्र के छात्रों के साथ खड़े हैं और इस मुद्दे पर एक इंच भी पीछे नहीं हटेंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »