वीडियो प्लेटफॉर्म यूट्यूब पर वीडियो देखकर डिलीवरी कराना एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुआ. यूट्यूब देखकर परिजनों ने एक गर्भवती महिला की घर पर ही डिलीवरी करा दी. प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ती ही चली गई. परिजन उसे लेकर तत्काल मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. महिला की मौत हो गई.
घटना तमिलनाडु के तिरुपुर जिले की है. बताया जाता है कि तिरुपुर जिले के उथुकुली के पास थलावायपालायम की निवासी शशिकला गर्भवती थी. शशिकला को प्रसव पीड़ा शुरू हुई, तो परिजनों ने उसे अस्पताल ले जाने की बजाय घर पर ही डिलीवरी कराने की कोशिशें शुरू कर दीं. परिजनों ने यूट्यूब वीडियो देख-देखकर नॉर्मल डिलीवरी करा भी दी, लेकिन प्रसव के बाद शशिकला की हालत बिगड़ने लगी.
यह भी पढ़ें: पीछे से टक्कर, फिर 'सॉरी दीदी'... वायरल कंटेंट के लिए महिलाओं को निशाना बनाने वाला यूट्यूबर पकड़ा गया
अत्यधिक रक्तस्राव के कारण शशिकला की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए पेरुंदरई सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए. मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में भी उपचार के दौरान हालत नहीं सुधरी, जिसे देखते हुए डॉक्टर्स ने शशिकला को बेहतर उपचार के लिए कोयंबटूर रेफर कर दिया. कोयंबटूर के प्राइवेट हॉस्पिटल में उपचार के दौरान शशिकला की मौत हो गई.
यह भी पढ़ें: घर के सामने बनने वाले थे 150 फ्लैट्स, अमीर यूट्यूबर ने खरीद ली पूरी जमीन
घटना 24 जून की बताई जा रही है. यूट्यूब देखकर डिलीवरी के इस मामले के सामने आने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग और पुलिस-प्रशासन एक्टिव मोड में आ गए हैं. स्वास्थ्य विभाग ने अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है. उथुकुली थाने की पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है. हालांकि, पुलिस ने कोई शिकायत दर्ज नहीं की है.
प्रमोद माधव