Noida International Airport Jewar inauguration by PM Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) के पहले चरण का उद्घाटन किया है. यह दिल्ली-एनसीआर का दूसरा बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है, जो इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बढ़ते बोझ को कम करने में मदद करेगा.
सुबह करीब 11:30 बजे पीएम मोदी एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का निरीक्षण किया. करीब 12:20 बजे उद्घाटन हुआ, उसके बाद जनसभा को संबोधित किया. इस चरण में एयरपोर्ट सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को हैंडल कर सकेगा. भविष्य में इसे और बड़ा बनाया जाएगा.
एयरपोर्ट के उद्धाटन पर अपडेट्स को यहां पढ़ें:
1: 20 PM: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज पूरा विश्व पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण चिंतित है. कई देशों में खाने-पीने की चीजों, पेट्रोल, डीजल और गैस की कमी हो रही है. उन्होंने कहा कि भारत भी बड़ी मात्रा में कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए सरकार ऐसे कदम उठा रही है जिससे आम परिवारों और किसानों पर इस संकट का असर कम से कम पड़े. उन्होंने कहा कि देशवासी मिलकर इस चुनौती का सामना कर रहे हैं. लोगों को अफवाहों से बस दूर रहना है.
1:00 PM: प्रधानमंत्री ने बताया कि यह क्षेत्र अब देश के दो बड़े फ्रेट कॉरिडोर का भी महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है. इन कॉरिडोर्स से उत्तर भारत की कनेक्टिविटी बंगाल और गुजरात के समुद्री तटों से बेहतर हुई है. दादरी वह स्थान है जहां ये दोनों कॉरिडोर आपस में मिलते हैं.
उन्होंने कहा कि इससे किसानों और उद्योगों को बड़ा फायदा होगा. यहां उगाए गए कृषि उत्पाद और यहां बने औद्योगिक सामान अब जमीन, रेल और हवाई मार्ग से तेजी से दुनिया के बाजारों तक पहुंच सकेंगे.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऐसी मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी के कारण यह क्षेत्र निवेश का बड़ा केंद्र बन रहा है.
12:58 PM: नरेंद्र मोदी ने कहा कि संकट के इस समय में भी भारत ने अपने विकास की रफ्तार को थमने नहीं दिया है. उन्होंने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाल के कुछ हफ्तों में ही कई बड़े प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और उद्घाटन हुआ है.
उन्होंने कहा कि नोएडा में एक बड़ी सेमीकंडक्टर फैक्ट्री की नींव रखी गई, दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन ने गति पकड़ी, मेरठ मेट्रो का विस्तार हुआ और अब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन हो गया. उन्होंने इसे “डबल इंजन सरकार” के विकास मॉडल का उदाहरण बताया.
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये सभी प्रोजेक्ट्स मिलकर उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाई दे रहे हैं. सेमीकंडक्टर फैक्ट्री देश को टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भर बना रही है, मेट्रो और नमो भारत ट्रेन बेहतर कनेक्टिविटी दे रही हैं, और जेवर एयरपोर्ट पूरे उत्तर भारत को दुनिया से जोड़ने का काम करेगा.
उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट भविष्य में इतना बड़ा बनेगा कि यहां से हर दो मिनट में एक विमान उड़ान भरेगा, जो इसकी क्षमता और महत्व को दिखाता है.
प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों ने नोएडा को “लूट का एटीएम” बना दिया था, लेकिन आज वही नोएडा उत्तर प्रदेश के विकास का इंजन बन रहा है.
उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट “डबल इंजन सरकार” की कार्य संस्कृति का उदाहरण है. उन्होंने याद दिलाया कि इस एयरपोर्ट को 2003 में मंजूरी मिल गई थी, लेकिन वर्षों तक यह फाइलों में दबा रहा. केंद्र और राज्य की पुरानी सरकारों ने इस पर काम आगे नहीं बढ़ाया.
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद जब केंद्र में उनकी सरकार आई और बाद में उत्तर प्रदेश में भी भाजपा सरकार बनी, तब इस प्रोजेक्ट को गति मिली. उन्होंने कहा कि अब यह एयरपोर्ट बनकर तैयार है और शुरू हो चुका है.
12:46 PM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत सभी गणमान्य अतिथियों और उपस्थित लोगों का अभिवादन करते हुए की. उन्होंने उत्तर प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्रियों और अन्य जनप्रतिनिधियों का उल्लेख किया और कार्यक्रम में मौजूद लोगों, खासकर युवाओं के उत्साह की सराहना की.
उन्होंने कहा कि आज का दिन बेहद खास है, क्योंकि यह एयरपोर्ट न केवल एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है, बल्कि नए भारत के भविष्य की उड़ान का प्रतीक है. प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें इस एयरपोर्ट का शिलान्यास करने का भी अवसर मिला था और आज उद्घाटन का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश के उन राज्यों में शामिल हो गया है, जहां कई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई शहरों - जैसे आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा और बुलंदशहर - के लिए बड़े आर्थिक और विकास के अवसर लेकर आएगा.
उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट किसानों, छोटे और लघु उद्योगों और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा. यहां से न केवल विमान उड़ेंगे, बल्कि यह विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत की उड़ान का भी प्रतीक बनेगा.
12:30 PM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेवर एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया.
12:22 PM: योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को विकास में बाधा के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब “डबल इंजन सरकार” के कारण प्रदेश ने तेजी से विकास की गति पकड़ी है और नई पहचान बनाई है.
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि इस एयरपोर्ट का शिलान्यास 25 नवंबर 2021 को हुआ था और अब उसके पहले चरण का उद्घाटन हो रहा है. उन्होंने कहा कि यह “डबल इंजन की स्पीड” का ही परिणाम है कि इतनी तेजी से यह परियोजना जमीन पर उतरी.
उन्होंने विश्वास जताया कि यह एयरपोर्ट न केवल कनेक्टिविटी बढ़ाएगा, बल्कि रोजगार, निवेश और विकास के नए अवसर भी पैदा करेगा.
12:17 PM: योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत “भारत माता की जय” के नारों के साथ की और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन को ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में देश एक नए भारत का दर्शन कर रहा है.
उन्होंने कहा कि यह अवसर प्रधानमंत्री के प्रति आभार और कृतज्ञता व्यक्त करने का है, क्योंकि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता को एक बड़ी सौगात मिली है. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट के जरिए उत्तर प्रदेश की उड़ान को एक नई ऊंचाई मिलेगी
उन्होंने कहा कि देश और दुनिया के मौजूदा हालात चुनौतीपूर्ण हैं, जहां कई जगहों पर अव्यवस्था और अस्थिरता का माहौल है और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं. लेकिन भारत में प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी नीतियों के कारण स्थिति नियंत्रित है.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 11-12 सालों में “देश प्रथम” की भावना के साथ जो विकास की कार्ययोजना बनाई गई है, उसका परिणाम आज देश में साफ दिखाई दे रहा है. उन्होंने कहा कि भारत में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सुचारू बनी हुई है और कीमतों को भी संतुलित रखने का प्रयास किया गया है.
उन्होंने यह भी कहा कि आज भारत एक मजबूत और स्थिर नेतृत्व के कारण विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है और ऐसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स देश की प्रगति को और गति देंगे.
12:15 PM: मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी साथ दिखे.
12:05 PM: नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट सिर्फ एक एयरपोर्ट नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत विकास और विरासत का संगम होगा. उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल हवाई सेवाओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे एक एरोट्रोपोलिस के रूप में विकसित किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि यहां एयर कार्गो की अत्याधुनिक सुविधा तैयार की जा रही है, जिससे इस क्षेत्र में बनने वाले और उगाए जाने वाले उत्पाद देश और दुनिया के हर कोने तक पहुंच सकेंगे. इसके साथ ही करीब 40 एकड़ में विकसित हो रही सुविधाओं से युवाओं को हाई-स्किल जॉब्स मिलेंगी और एविएशन सेक्टर को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा.
राम मोहन नायडू ने कहा कि पहले जेवर और आसपास के लोग रोजगार के लिए दिल्ली जाते थे, लेकिन अब हालात बदलेंगे. अब देश और दुनिया के लोग कामकाज के लिए जेवर आएंगे. उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के शुरू होने से ग्राउंड हैंडलिंग, मेंटेनेंस, सिक्योरिटी, रियल एस्टेट, होटल, ट्रांसपोर्ट, टूरिज्म, लॉजिस्टिक्स और एग्रीकल्चर जैसे कई सेक्टर में नए अवसर पैदा होंगे.
उन्होंने यह भी कहा कि एक समय था जब हवाई यात्रा केवल खास लोगों तक सीमित थी, लेकिन आज यह आम आदमी की यात्रा बन चुकी है. इसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और उड़ान योजना को जाता है. सरकार ने इस योजना को अगले 10 साल के लिए और मजबूत करने का फैसला लिया है, जिससे देश में एविएशन सेक्टर को और बढ़ावा मिलेगा.
12:02 PM: मंच पर एक साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ नजर आए.
11:55 AM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे.
11:53 AM: इस एयरपोर्ट की खासियत की बात करें तो पहले चरण में करीब 11,200 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है. यहां 1,38,000 वर्ग मीटर में फैला आधुनिक टर्मिनल तैयार किया गया है. इसके अलावा करीब 38 मीटर ऊंचा एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर भी बनाया गया है. एयरपोर्ट को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है, ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके.
11:41AM: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा, “एक समय में सोचा भी नहीं जा सकता था कि नोएडा में इतना बड़ा एयरपोर्ट बन जाएगा. आज वह सपना सच हो रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल से आज जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन हो रहा है. 2017 से इन बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स की नींव रखी गई थी और अब वे एक-एक करके पूरा हो रहे हैं. एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद, अगले महीने गंगा एक्सप्रेसवे भी शुरू हो जाएगा. यह हमारा सबसे बड़ा पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप प्रोजेक्ट है. मुख्यमंत्री के 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर यह एक बहुत बड़ा कदम है.”
11:05 AM: ग्राउंड जीरो से अमित भारद्वाज रिपोर्ट कर रहे हैं. आइए सुनते हैं वह क्या रहे हैं.
10:55 AM: जेवर एयरपोर्ट के उद्धाटन के बाद उत्तर प्रदेश में कुल पांच एयरपोर्ट हो जाएंगे. जेवर एयरपोर्ट की कुछ तस्वीरों को आप यहां क्लिक कर देख सकते हैं. विदेश जैसा लुक, 3900 मीटर लंबा रनवे... उद्घाटन से पहले देखें जेवर एयरपोर्ट की इनसाइड Photos
Photo: PTI
10:51 AM: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के न्यू दिल्ली सर्कल के चीफ जनरल मैनेजर (CGM) देबाशीष मिश्रा ने कहा, 'नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) अब परिवहन, लॉजिस्टिक्स और यात्रियों का बड़ा केंद्र बन जाएगा. हमने यहां दो ब्रांच खोल दी हैं. एक एयरपोर्ट ऑफिस में और दूसरी कार्गो सेंटर में. इन दोनों जगहों पर एटीएम, कैश डिपॉजिट मशीन और ई-लॉबी जैसी सुविधाएं हैं. यहां योनो ऐप भी इस्तेमाल कर सकते हैं. हम यात्रियों और ग्राहकों की मदद 24 घंटे करेंगे.'
10:47 AM: फिल्म प्रोड्यूसर बोनी कपूर ने कहा, “मैं सिर्फ विकास में मदद नहीं कर रहा, बल्कि खुद इस विकास का हिस्सा बन रहा हूं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपना है कि यह सब हो रहा है. हम सब बस उन्हीं के सपनों को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं. मैं यहां इंटरनेशनल फिल्म सिटी बना रहा हूं.”
10:45 AM: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, “आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को एक शानदार तोहफा दे रहे हैं. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) न सिर्फ भारत की सेवा करेगा, बल्कि यह एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनेगा. मैं पूरे उत्तर प्रदेश और प्रधानमंत्री मोदी को इस उपलब्धि पर बधाई देता हूं.
10:43 AM: ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस राजीव नारायण मिश्रा ने कहा, “आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए आ रहे हैं. हमने सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की है. इसमें कई स्तर की सुरक्षा शामिल है.”
aajtak.in