ओडिशा के तट के पास बंगाल की खाड़ी में पनामा के झंडे वाला मालवाहक जहाज MV ओशन विनर शनिवार को संपर्क टूटने के बाद डूब गया. जहाज में 24 क्रू सदस्य सवार थे. इनमें 20 चीनी नागरिक, म्यांमार के तीन नागरिक और बांग्लादेश का एक नागरिक शामिल था. भारतीय तटरक्षक बल ने अब तक दो लोगों को बचा लिया है, जबकि बाकी क्रू सदस्यों की तलाश जारी है.
भारतीय तटरक्षक बल के मुताबिक, जहाज डूबने से पहले MV ओशन विनर से संपर्क टूटने की जानकारी मिली थी. अधिकारियों ने बताया कि जहाज ओडिशा के पारादीप तट से करीब 240 समुद्री मील दूर डूबा.
यह जहाज शुक्रवार को ओडिशा के तट से रवाना हुआ था और इसमें सिंगापुर के लिए आयरन ओर ले जाया जा रहा था. इससे पहले एक वरिष्ठ IPS अधिकारी ने PTI को बताया था कि अधिकारियों को शुरुआत में यह जानकारी नहीं थी कि कितने क्रू सदस्यों को बचाया गया है. अब तटरक्षक बल ने पुष्टि की है कि दो लोगों को बचा लिया गया है.
बचाव अभियान जारी है
जहाज से संपर्क टूटने और उसके डूबने के बाद भारतीय तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना ने संयुक्त खोज और बचाव अभियान शुरू किया. आसपास मौजूद अन्य जहाजों को भी अलर्ट किया गया है और लापता क्रू सदस्यों की तलाश में मदद करने के लिए कहा गया है. बचाव अभियान का मुख्य उद्देश्य बाकी क्रू सदस्यों का पता लगाना और उनकी स्थिति की जानकारी हासिल करना है. जहाज किन परिस्थितियों में डूबा, इसकी सही वजह का अभी तक पता नहीं चल सका है.
तटरक्षक बल के अनुसार, MV ओशन विनर में कुल 24 क्रू सदस्य सवार थे. पारादीप से करीब 240 समुद्री मील दूर जहाज के डूबने के बाद तटरक्षक बल, नौसेना और आसपास के जहाज बचाव अभियान में जुटे हैं. अब तक दो लोगों को बचाया जा चुका है, जबकि बाकी क्रू सदस्यों की तलाश जारी है. जहाज डूबने की परिस्थितियों और लापता लोगों की स्थिति को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है.
aajtak.in