ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में महिला कर्मचारियों की निजता से जुड़े एक गंभीर मामले का खुलासा हुआ है. जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (DRDA) कार्यालय के एक लिपिकीय कर्मचारी को महिला शौचालय में कथित तौर पर स्पाई कैमरा लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोपी की पहचान 35 वर्षीय संजय आधेक के रूप में हुई है, जो कार्यालय में जूनियर रेवेन्यू असिस्टेंट के पद पर कार्यरत था.
कैमरा अचानक गिरा, तब हुई जानकारी
मामले का खुलासा 25 मई को उस समय हुआ जब एक महिला कर्मचारी शौचालय का उपयोग कर रही थी. इसी दौरान वहां लगाया गया छोटा कैमरा अचानक गिर गया, जिसके बाद पूरे मामले की जानकारी सामने आई. महिला कर्मचारी ने 26 मई को तिर्तोल पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की.
ऐसे हुई जानकारी
जगतसिंहपुर के पुलिस अधीक्षक अंकित कुमार वर्मा ने बताया कि जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और कैमरे की फोरेंसिक जांच की गई. जांच में महिला शौचालय के आसपास आरोपी की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों के सामने भी अपराध स्वीकार कर लिया और नरमी बरतने की गुहार लगाई.
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी ने कथित तौर पर ऑनलाइन माध्यम से स्पाई कैमरा खरीदा था और मार्च महीने में उसे महिला शौचालय में लगाया था. पुलिस का कहना है कि इसका उद्देश्य महिला कर्मचारियों की निजी गतिविधियों को रिकॉर्ड करना था.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्पाई कैमरा, हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं. मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कैमरे के जरिए कोई वीडियो रिकॉर्डिंग की गई थी या नहीं.
aajtak.in