उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है. कई राज्यों में तापमान सामान्य से कई डिग्री ऊपर पहुंच गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. उत्तर प्रदेश का बांदा जिला एक बार फिर देश का सबसे गर्म स्थान बनकर सामने आया, जहां तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मौसम विभाग (India Meteorological Department) के अनुसार, उत्तर भारत के कई हिस्सों में हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी हुई है. दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर तक तेज गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया है.
दिल्ली में पहला हीटस्ट्रोक केस
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है. कई इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. रिज इलाके में 45.3°C तो आया नगर में 44.5°C दर्ज किया गया. वहीं पालम और लोधी रोड में 44.3°C रहा और सफदरजंग में 43.6°C दर्ज किया गया. इसी बीच दिल्ली में इस सीजन का पहला हीटस्ट्रोक मरीज सामने आया है. 24 वर्षीय छात्र को बेहोशी की हालत में राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
यूपी में रेड अलर्ट, अगले कुछ दिन और मुश्किल
उत्तर प्रदेश में हालात और गंभीर हैं. बांदा में 47.6°C तापमान ने पूरे देश में सबसे गर्म जगह का रिकॉर्ड बनाया है. मौसम विभाग ने राज्य में अगले तीन दिनों के लिए रेड वार्निंग जारी की है, जिसका मतलब है कि स्थिति खतरनाक है और तुरंत सावधानी जरूरी है. इसके बाद ऑरेंज अलर्ट भी जारी रहेगा. लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार, साफ आसमान, सूखी हवाएं और एंटीसाइक्लोनिक सिस्टम की वजह से गर्मी और बढ़ रही है.
हरियाणा-पंजाब और राजस्थान में भी लू का असर
हरियाणा और पंजाब में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया, जिससे दोनों राज्यों में भीषण लू का असर साफ दिखाई दे रहा है. हरियाणा में सिरसा सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां पारा 45.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसके अलावा रोहतक में 45.5 डिग्री, हिसार में 44.3 डिग्री और गुरुग्राम में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से कई डिग्री अधिक है.
पंजाब में भी हालात कम गंभीर नहीं रहे. फरीदकोट 45.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर रहा, जबकि बठिंडा में 45.6 डिग्री, पटियाला में 44.9 डिग्री और लुधियाना में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है और दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा.
राजस्थान में भी हालात गंभीर रहे, जहां श्रीगंगानगर 45.1°C के साथ सबसे गर्म रहा. चूरू, बाड़मेर और चित्तौड़गढ़ में भी तापमान 43-44°C के बीच दर्ज किया गया.
पहाड़ी राज्यों में भी राहत नहीं
हिमाचल प्रदेश में भी कई इलाकों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक रहा. ऊना में पारा 44.3°C तक पहुंच गया. मौसम विभाग ने कुछ जिलों में आंधी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. उत्तराखंड में प्रशासन ने बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. मैदानी इलाकों में तापमान 40°C से ऊपर जाने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल किसी सक्रिय मौसम प्रणाली की कमी, साफ आसमान और शुष्क हवाओं के कारण तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी. विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में भी उत्तर भारत के कई हिस्सों में राहत मिलने की संभावना कम है.
aajtak.in