प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार 10 जून को एक नया इतिहास रच दिया है. वह भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री के पद पर रहने वाले देश के पहले राजनेता बन गए हैं. इस शीर्ष पद पर उनके लगातार कार्यकाल के आज 4,399 दिन पूरे हो गए हैं, जिसके साथ ही उन्होंने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड (4,398 दिन) को पीछे छोड़ दिया है.
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अमेरिका, रूस, इजरायल समेत दुनिया भर के दिग्गज नेताओं ने पीएम मोदी को बधाई दी है. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'मेरे दोस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने पर बधाई. वे सच में एक बेहतरीन प्रधानमंत्री हैं. वे एक मजबूत, स्वस्थ और समझदार व्यक्ति हैं, और आने वाले कई सालों तक वे महानता और सफलता हासिल करते रहेंगे.'
वहीं रूस ने उन्हें सभी भारतीय प्रधानमंत्रियों का 'डोयेन' यानी सबसे वरिष्ठ, सम्मानित या अनुभवी व्यक्ति करार दिया है. क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा, 'आज, 10 जून को प्रधानमंत्री मोदी सभी भारतीय प्रधानमंत्रियों के डोयेन बन गए हैं. एक साधारण परिवार से आने वाले मोदी का करियर उन्हें दुनिया के सबसे बड़े देश के नेता के पद तक ले गया.'
पेसकोव ने पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया और भारत आज दुनिया की सबसे तेज आर्थिक विकास दर वाली प्रमुख आर्थिक महाशक्ति बन गया है. उन्होंने भारत-रूस संबंधों पर जोर देते हुए कहा कि मॉस्को को उम्मीद है कि पीएम मोदी दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय और संवेदनशील क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाना जारी रखेंगे.
वहीं इजरायली पीएम नेतन्याहू ने वीडियो शेयर करते हुए पीएम मोदी को बधाई दी.
यूरोपीय संघ और वैश्विक नेताओं ने दीं शुभकामनाएं
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयन ने पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, 'आपके नेतृत्व में भारत ने न केवल चंद्रमा पर कदम रखा, बल्कि अब वह सितारों को छूने की ओर अग्रसर है. हमारे बीच टेक्नोलॉजी, सुरक्षा और रक्षा से लेकर व्यापारिक समझौतों तक जो कुछ भी हासिल हुआ है, उसके लिए धन्यवाद.'
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने हाल ही में शुरू हुई भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी का उल्लेख करते हुए मोदी को बधाई दी. वहीं जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को और मजबूत बनाने की इच्छा जताई.
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि भारत और कनाडा के संबंधों में नई शुरुआत हो रही है और वह दोनों देशों की समृद्धि के लिए मोदी के साथ काम करने को उत्सुक हैं. पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने इसे उल्लेखनीय उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे भारत-ब्रिटेन साझेदारी और मजबूत होगी.
इसके अलावा भूटान के पीएम शेरिंग टोबगे (जिन्होंने पीएम मोदी को मित्र, भाई और मेंटर बताया), मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़ू, मलेशिया के पीएम अनवर इब्राहिम, श्रीलंका के राष्ट्रपति अरुणा कुमारा दिसानायके और नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद तिनुबू सहित अफ्रीका और अमेरिका के कई नेताओं ने बधाई संदेश भेजे.
कैसे टूटा जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड?
बता दें कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने साल 1952 में देश के पहले आम चुनाव के बाद निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था और वह 27 मई 1964 (अपने निधन) तक लगातार 4,398 दिनों तक इस पद पर रहे. हालांकि, वह 1947 से 1952 तक अंतरिम सरकार के प्रमुख भी थे, लेकिन निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर उनका कार्यकाल 4,398 दिनों का था.
वहीं, साल 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री चुने गए नरेंद्र मोदी ने बुधवार को लगातार 4,399 दिन पूरे कर इस रिकॉर्ड को पार कर लिया है. पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी 15 साल से अधिक समय तक देश की सेवा की थी, लेकिन उनका कार्यकाल निर्बाध नहीं था. वह 1966 से 1977 तक लगातार तीन बार पीएम रहीं और फिर साल 1980 से 1984 तक उनका चौथा कार्यकाल रहा.
aajtak.in