देश के कई हिस्सों में मॉनसून ने बुधवार को जमकर तबाही मचाई. भारी बारिश के कारण दिल्ली, मुंबई, महाराष्ट्र, गुजरात और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में जलभराव, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं. महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी चिंचवड़ में कचरे का बड़ा ढेर गिरने से एक तीन मंजिला इमारत ढह गई, जिसमें 11 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है.
पुणे के मोशी इलाके में यह हादसा हुआ, जहां एक निजी कंपनी का प्रशासनिक कार्यालय चल रहा था. अधिकारियों के मुताबिक शुरुआत में 23 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका थी, जिनमें से कई को बचा लिया गया है.
वहीं, गुजरात के सूरत में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. पिछले कुछ दिनों में बारिश से जुड़े हादसों में कम से कम 9 लोगों की मौत हो चुकी है. शहर के निचले इलाकों से हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. 24 घंटे में सूरत में 358 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
दिल्ली में जलभराव, ट्रैफिक प्रभावित
राजधानी दिल्ली में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया. सदर बाजार, ग्रेटर कैलाश, बदरपुर, स्वरूप नगर और कई अन्य क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. सड़कों पर लंबा जाम लग गया और रिंग रोड, आउटर रिंग रोड तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर यातायात धीमा रहा.
रोहिणी इलाके में बारिश के दौरान निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत गिर गई. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई.
मुंबई में लोकल ट्रेन और उड़ानें प्रभावित
मुंबई में तेज बारिश और गरज के साथ हुई बरसात से कई इलाकों में जलभराव हो गया. लोकल ट्रेन सेवाएं 25 से 30 मिनट तक प्रभावित रहीं. खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण मुंबई आने वाली 9 उड़ानों को नजदीकी हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट करना पड़ा. मुंबई की तुलसी झील भी भारी बारिश के बाद ओवरफ्लो हो गई. इससे पहले विहार झील में भी पानी खतरे के स्तर तक पहुंच गया था.
महाराष्ट्र और पहाड़ी राज्यों में हालात गंभीर
महाराष्ट्र के कई जिलों में नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. नासिक में गोदावरी नदी उफान पर है. प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है.
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में बारिश के कारण फ्लैश फ्लड आया, जिससे कई सड़कों का संपर्क टूट गया। उत्तराखंड में भी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ और करीब 70 सड़कें प्रभावित हुईं.
मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए दिल्ली समेत कई क्षेत्रों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
aajtak.in