पार्थ और अर्पिता की मिलीभगत पर बोलीं ममता- पैसा एक लड़की से बरामद हुआ, ये खेल बहुत बड़ा

पार्थ चटर्जी को मंत्रिमंडल से हटाने के बाद सीएम ममता बनर्जी का बयान आ गया है. उन्होंने कहा है कि यह पैसा एक लड़की से बरामद हुआ है और वह बाकी चीजें बाद में बताएंगी.

Advertisement
पार्थ चटर्जी को ममता बनर्जी ने मंत्री पद से हटा दिया है पार्थ चटर्जी को ममता बनर्जी ने मंत्री पद से हटा दिया है

aajtak.in

  • कोलकाता,
  • 28 जुलाई 2022,
  • अपडेटेड 5:57 PM IST
  • पार्थ और अर्पिता 3 अगस्त तक ईडी की हिरासत में रहेंगे
  • अर्पिता ने कबूला था कि मिला पैसा मंत्री पार्थ का था

पार्थ चटर्जी को मंत्रिमंडल से हटाने के बाद सीएम ममता बनर्जी का बयान आ गया है. ममता ने दावा किया कि यह पूरा मामला एक बड़ी साजिश का हिस्सा है, जिसके बारे में वह अभी ज्यादा नहीं बताएंगी. ममता ने यह भी कहा कि सारा पैसा एक लड़की (अर्पिता) के पास से बरामद हुआ है जिसको बार-बार दिखाया जा रहा है.
 
पार्थ पर हुए एक्शन पर ममता बनर्जी ने कहा कि हमने उनको हटाया क्योंकि तृणमूल कांग्रेस एक सख्त पार्टी है. इसको बदला नहीं जा सकता. यह बड़ा गेम है, जिसके बारे में अभी ज्यादा बात नहीं की जाएगी.

Advertisement

शिक्षक भर्ती घोटाले में गिरफ्तार हुए हैं पार्थ

बता दें कि शिक्षक भर्ती घोटाले में पार्थ चटर्जी और उनकी सहयोगी अर्पिता मुखर्जी को गिरफ्तार किया गया है. अर्पिता मुखर्जी के घर से ईडी को बड़ी संख्या में कैश मिला था. ईडी के मुताबिक, पूछताछ में अर्पिता ने कबूला था कि यह पैसा मंत्री पार्थ चटर्जी का है.

ईडी ने अर्पिता के दो ठिकानों पर छापे मारे थे. पहली छापेमारी में 21 करोड़ 90 लाख रुपये कैश मिले थे. वहीं बुधवार को हुई छापेमारी में ईडी को 27 करोड़ 90 लाख कैश और 4 करोड़ से ज्यादा का सोना मिला था. 21 जुलाई को जहां ईडी ने डायमंड सिटी के फ्लैट में छापेमारी की थी, वहीं कल बेलघोरिया के फ्लैट में रेड के दौरान काली कमाई का खजाना मिला है.

कल ईडी टीम को 27 करोड़ 90 लाख कैश, 6 किलो सोना (आधा-आधा किलो के सोने के 6 कंगन, 3 किलो सोने की बिस्किट), सोने का पेन आदि मिला. इस फ्लैट में कहां-कहां पैसे रखे गए थे ये जानकर और देखकर आप हैरान रह जाएंगे. बेडरूम में, ड्रॉइंग रूम में और टॉयलेट में तो सबसे ज्यादा नोट ठूंसकर रखे गए थे. वॉशरूम के बेसिन के नीचे लॉकर बनाया गया था जिसमें काली कमाई का पैसा रखा था.

Advertisement

ईडी ने जब बुधवार को रेड डाली तो नोटों की बरामदगी से उसकी भी आंखें फटी की फटी रह गईं थीं. पूरी रात नोटों की गिनती चली थी. नोट गिनने के लिए मशीनें मंगवाई गई थीं. ट्रक में 20 बक्से मंगवाए गए. सुबह 4 बजे गिनती खत्म हुई तो ये रकम 27 करोड़ 90 लाख तक जा पहुंची. फिर ट्रक में भरकर इन पैसों को भिजवाया गया.

ममता ने कहा था- दोषी पाए जाने पर सजा हो

पार्थ की गिरफ्तारी के बाद भी ममता बनर्जी का बयान आया था. उन्होंने तब कहा था कि अगर मेरे लोग दोषी पाए गए तो मैं खुद उन्हें कानून के हवाले करूंगी, चाहे वो एमपी हों या एमएलए. यहां तक की मंत्री ही क्यों न हों. लेकिन कोई जानबूझकर मेरी छवि नहीं खराब कर सकता.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »