बेटे की ट्रेन हादसे में मौत का सदमा नहीं सह पाए... केरल में कपल ने घर में फांसी लगाकर दी जान

केरल के कासरगोड से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक कपल ने आत्महत्या कर ली. कुछ महीने पहले ही उनके 19 साल के बेटे की ट्रेन हादसे में मौत हो गई थी. बेटे को खोने के बाद दोनों गहरे सदमे और अवसाद में चले गए थे. पुलिस को घर से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें बेटे की मौत के बाद की स्थिति का जिक्र है.

Advertisement
मामले की जांच में जुटी पुलिस. (Photo: Representational) मामले की जांच में जुटी पुलिस. (Photo: Representational)

aajtak.in

  • कासरगोड,
  • 13 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 2:15 PM IST

केरल के कासरगोड में एक परिवार की दुखद कहानी ने झकझोर कर रख दिया. यहां एक कपल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. कुछ महीने पहले ही उनके इकलौते बेटे की ट्रेन हादसे में मौत हो गई थी. बेटे को खोने का गहरा सदमा कपल सह नहीं पाए और आखिरकार उन्होंने भी अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.

एजेंसी के अनुसार, मृतकों की पहचान 50 वर्षीय वेणुगोपालन एन एम और उनकी 39 वर्षीय पत्नी स्मिता एम के रूप में हुई है. दोनों कासरगोड के पोइनाची इलाके के कैराली नगर के रहने वाले थे. यह घटना उस समय सामने आई, जब शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे एक रिश्तेदार उनके घर पहुंचा.

Advertisement

रिश्तेदार ने जब घर के अंदर एंट्री की तो जो दृश्य दिखाई दिया, वह बेहद दर्दनाक था. घर के सेंट्रल हॉल में स्थित बालकनी की रेलिंग से दोनों पति-पत्नी फांसी के फंदे से लटके हुए थे. यह देख वह घबरा गया और तुरंत आसपास के लोगों और पुलिस को इसकी सूचना दी.

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें: 20 महीने पहले शादी, तीन महीने का बच्चा... एयर-एंबुलेंस क्रैश में जान गंवाने वाले पायलट स्वराजदीप की दर्दनाक कहानी

पुलिस को घर की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट भी मिला है. इस नोट में दंपती ने अपने बेटे की मौत के बाद से चल रहे गहरे दुख और मानसिक तनाव का जिक्र किया है. पुलिस के अनुसार, कपल ने लिखा है कि वे अपने बेटे की मौत के बाद से इस सदमे से उबर नहीं पाए थे.

Advertisement

दिसंबर महीने में बेटे की हो गई थी मौत

दरअसल, इस दंपती के 19 वर्षीय बेटे की दिसंबर महीने में एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई थी. पुलिस के मुताबिक, युवक ट्रेन की चपेट में आ गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी. बेटे की अचानक हुई मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया था. इसके बाद से ही वेणुगोपालन और स्मिता गहरे अवसाद में चले गए थे. 

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच से संकेत मिल रहे हैं कि बेटे की मौत का गहरा सदमा ही इस घटना की मुख्य वजह हो सकता है. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.

मेलापरम्बा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे. फिलहाल जांच जारी है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement