सऊदी अरब में यमन और ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने नागरिकों को निशाना बनाने का सिलसिला जारी है. ड्रोन और मिसाइल हमलों के बीच अब खाड़ी में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है. अब भारत सरकार ने वहां रह रहे अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है. भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी कर कहा है कि सऊदी अरब में रहने वाले सभी भारतीय शांत रहें और सतर्कता बरतें.
हवाई हमले की स्थिति में घर के अंदर रहें और स्थानीय प्रशासन की ओर से आधिकारिक माध्यमों से जारी निर्देशों का पालन करें. दूतावास ने लोगों से यह भी कहा है कि वे मौजूदा घटनाओं से जुड़े वीडियो या खबरों को बिना पुष्टि के आगे न भेजें और न ही दोबारा पोस्ट करें. 10 अक्तूबर को रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए एक हमले में मोहम्मद यूसुफ अली नाम के एक भारतीय की मौत हो गई थी.
इस हमले में 11 भारतीयों समेत कई लोग घायल हुए थे. इसके बाद भारतीय दूतावास घायलों की स्थिति और मृतक के परिवार पर नजर बनाए हुए है. हमले में जान गंवाने वाले मोहम्मद यूसुफ अली का अंतिम संस्कार 12 अक्तूबर को रियाद में ही किया गया. भारतीय राजदूत और दूतावास के अधिकारियों ने अंतिम संस्कार में शामिल होकर परिवार के प्रति संवेदना जताई. जानकारी के मुताबिक, हमले में घायल भारतीयों में से चार अभी भी ICU में भर्ती हैं. चार अन्य का इलाज चल रहा है, जबकि तीन घायलों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है.
यह भी पढ़ें: दुनिया की सबसे बड़ी ऑयल कंपनी अरामको पर मिसाइल अटैक, हूतियों के हमलों से दहला सऊदी अरब
17 अक्टूबर तक उड़ानें रद्द
सुरक्षा हालात को देखते हुए मंगलवार को भारत की चार एयरलाइंस ने 17 अक्तूबर तक उड़ानें रद्द करने की जानकारी दी. इनमें इंडिगो, एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर शामिल हैं. प्रभावित यात्रियों को राहत देते हुए एयरलाइंस ने टिकट रद्द कराने पर पूरा रिफंड या बिना अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलने का विकल्प दिया है. हालांकि, यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान की ताजा स्थिति संबंधित एयरलाइन से जरूर जांच लेनी चाहिए.
भारतीयों की सुरक्षा और यात्रा पर नजर
सऊदी अरब में संवेदनशील हालातों के बीच फिलहाल भारतीय नागरिकों का सतर्क रहना और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करना जरूरी है. अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में यह स्थिति कब सामान्य होती है.
aajtak.in