भारत-पाकिस्तान में शांति की कवायद...117 हस्तियों के खत के पीछे का सूत्रधार कौन?

भारत और पाकिस्तान के 117 लोगों की ओर से दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों को भेजे गए शांति पत्र के पीछे ओपी शाह की अहम भूमिका रही. बातचीत बहाल करने की अपील करने वाली इस पहल के बाद ओपी शाह चर्चा में हैं. जानिए कौन हैं ओपी शाह और क्यों हो रही है उनकी इतनी चर्चा.

Advertisement
1991 से दोनों मुल्कों को करीब लाने की कोशिश में जुटे हैं ओपी शाह. (File Photo) 1991 से दोनों मुल्कों को करीब लाने की कोशिश में जुटे हैं ओपी शाह. (File Photo)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 04 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 7:25 AM IST

भारत और पाकिस्तान के बीच जब भी तनाव बढ़ता है, बातचीत के रास्ते बंद हो जाते हैं. ऐसे माहौल में दोनों देशों के रिश्तों को सुधारने की कोशिश करना बड़ा ही मुश्किल काम है, लेकिन कोलकाता के एक चार्टर्ड अकाउंटेंट ने यही मुश्किल रास्ता चुना. इनका नाम ओपी शाह है.

हाल ही में भारत और पाकिस्तान के 117 नामचीन लोगों ने दोनों मुल्कों की सरकारों से बातचीत शुरू करने की अपील करते हुए एक साझा 'शांति पत्र' जारी किया. सोशल मीडिया पर इस चिट्ठी को लेकर काफी बहस छिड़ गई है. इस पूरी मुहिम के पीछे असली दिमाग ओपी शाह का ही है, जो पिछले 35 सालों से दोनों देशों को करीब लाने की कोशिश में जुटे हैं.

Advertisement

कौन हैं ओपी शाह?

ओपी शाह पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और इसके साथ ही वे लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं. उन्होंने 'सेंटर फॉर पीस एंड प्रोग्रेस' नाम की संस्था बनाई है. यह संस्था भारत-पाकिस्तान के बीच बातचीत बढ़ाने के साथ आम लोगों के स्तर पर रिश्ते बेहतर करने का काम करती है. उनका मानना है कि सरकारों के अलावा आम जनता के बीच भी संवाद होना बेहद जरूरी है.

ओपी शाह का भारत-पाक संवाद से जुड़ाव नया नहीं है. उन्होंने 1991 में दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में पहला भारत-पाक संवाद आयोजित किया था. इसके बाद वे प्रतिनिधिमंडल के साथ खुद 1991 और 1992 में पाकिस्तान भी गए. तब से अब तक वे दोनों मुल्कों के बीच बातचीत, नागरिक स्तर पर संपर्क समेत ट्रैक-2 डिप्लोमेसी को बढ़ावा देने की कोशिश में जुटे हैं. उनकी संस्था ने जम्मू-कश्मीर जैसे कई अहम मुद्दों पर दोनों देशों के विशेषज्ञों और आम समाज के बीच चर्चा कराई है.

Advertisement
ओपी शाह एक सामाजिक कार्यकर्ता और भारत-पाकिस्तान के बीच बेहतर संबंधों के समर्थक भी हैं. 

बीते जून के आखिरी हफ्ते में ओपी शाह की पहल पर भारत और पाकिस्तान के 117 प्रमुख लोगों ने एक खुला पत्र जारी किया. 30 जून की तारीख वाला यह पत्र दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों को भेजा गया है. इसमें बातचीत फिर शुरू करने, सामान्य रिश्ते बहाल करने, सैन्य तनाव कम करने और जम्मू-कश्मीर समेत लंबित मुद्दों पर चर्चा आगे बढ़ाने की अपील की गई है.

यह भी पढ़ें: 'मैडम सो रही हैं...' 1991 हाईजैक का किस्सा सुनाकर पूर्व राजदूत ने पाकिस्तान के नेताओं को घेरा

किन लोगों ने किए हस्ताक्षर?

इस पत्र पर भारत की ओर से नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फारूक अब्दुल्ला, अलगाववादी नेता मीरवाइज उमर फारूक, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती,  RJD सांसद मनोज झा और हुमायूं कबीर समेत कई लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं. वहीं, पाकिस्तान की ओर से पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद महमूद कसूरी, पूर्व राजनयिक अशरफ जहांगीर काजी, नेशनल असेंबली के सदस्य  इस्फन्यार एम. भंडारा और लेखक परवेज हुदभोय जैसे बड़े नाम शामिल हैं.

इस पहल पर सवाल भी उठे

इस पहल पर कई लोगों ने गंभीर सवाल भी उठाए हैं. आलोचकों का साफ तर्क है कि पाकिस्तान से बातचीत की बात करने से पहले सीमा पार से होने वाले आतंकवाद पर सख्त शर्त रखनी चाहिए थी. भारत ने पहले भी कई बार शांति की कोशिश की, लेकिन उसके बदले में हमेशा 1993 के मुंबई धमाके और 26/11 जैसे आतंकी हमले मिले.

Advertisement

इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में भी ओपी शाह से यही सवाल पूछा गया कि पत्र में पाकिस्तान पर आतंकवाद रोकने की जिम्मेदारी साफ तौर पर क्यों नहीं डाली गई. जवाब में उन्होंने कहा कि यह किसी सरकार की नहीं, बल्कि नागरिक समाज की पहल है. उनका दावा है कि इस पत्र का मकसद दोनों देशों के बीच भरोसा बढ़ाना है, ताकि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बेहतर हो सके.

उन्होंने यह भी साफ किया कि उनकी यह पहल किसी भी तरह से आतंकवाद का समर्थन नहीं करती. उनका मानना है कि बातचीत बंद होने से समस्याएं और बढ़ती हैं, इसलिए संवाद का रास्ता खुला रहना चाहिए.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »