साइबर सिटी गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या करने के बाद खुद भी मौत को गले लगा लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक ने पहले युवती को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतारा और फिर रेलवे ट्रैक पर जाकर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली.
कॉल रिसीव न होने पर खुला राज
वारदात का खुलासा तब हुआ जब उत्तर प्रदेश की रहने वाली युवती 'इशाका' ने अपने परिवार का कॉल रिसीव करना बंद कर दिया. चिंतित परिजनों ने तुरंत गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम सेक्टर-55 स्थित युवती के किराए के मकान पर पहुंची. वहां का नजारा देख पुलिस के भी होश उड़ गए.
कमरे में मिला खून से लथपथ शव
पुलिस ने जब किसी तरह दरवाजा खोला, तो अंदर का दृश्य भयावह था. युवती इशाका का शव फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था. प्राथमिक जांच में सामने आया कि उसकी हत्या बेहद बेरहमी से चाकू से गोदकर की गई थी. मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने शुरू किए.
एक हत्या, एक सुसाइड
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि युवती का दोस्त श्रेष्ठ मलिक (25), जो मूल रूप से भिलाई, छत्तीसगढ़ का रहने वाला था, उसके कमरे पर आया था. पुलिस अभी उसे तलाश ही रही थी कि सूचना मिली कि गुरुग्राम रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव दो टुकड़ों में पड़ा मिला है. पहचान करने पर पता चला कि यह शव आरोपी श्रेष्ठ मलिक का ही है, जिसने युवती की हत्या के बाद ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली.
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल, पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है. सेक्टर-56 थाना एसएचओ मनोज कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
पुलिस अब दोनों की कॉल डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस खौफनाक कदम के पीछे की असल वजह क्या थी.
नीरज वशिष्ठ