आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में शनिवार शाम जो हुआ, वह बहादुरी, इंसानियत और त्रासदी की ऐसी कहानी है, जिसे सुनकर दिल भारी हो जाता है. यहां एक नाबालिग लड़की तुंगभद्रा नदी में फिसलकर गिर गई थी, जिसे बचाने के लिए पांच लोग नदी में कूद गए. पुलिस का कहना है कि सभी लोग पानी में डूब गए. वहीं लड़की को बचा लिया गया है. मृतक आस-पास के गांवों के रहने वाले थे. रेस्क्यू टीम उनकी तलाश कर रही है.
एजेंसी के अनुसार, शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे का वक्त था. मंत्रालयम इलाके में बहने वाली तुंगभद्रा नदी के किनारे लोग मौजूद थे. इसी बीच एक नाबालिग लड़की नदी के किनारे अपने पैर धो रही थी. तभी उसका बैलेंस बिगड़ा और वह फिसलकर नदी में गिर गई. देखते ही देखते वह तेज बहाव में बहने लगी.
नदी में बहती लड़की को देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. किसी के पास सोचने का समय नहीं था. लड़की की जान खतरे में थी और उसे बचाने के लिए कुछ लोगों ने तुरंत नदी में छलांग लगा दी. लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया.
लड़की को बचाने के लिए पहले एक व्यक्ति नदी में उतरा. फिर दूसरा, तीसरा और देखते ही देखते कुल पांच लोग उसे बचाने की कोशिश में नदी में कूद गए. आखिरकार लड़की को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. लेकिन इस बीच नदी का तेज बहाव उन पांच लोगों पर भारी पड़ गया. जिन लोगों ने किसी और की जिंदगी बचाने के लिए अपनी जान दांव पर लगाई थी, वे खुद नदी की गहराई और धार में फंस गए.
यह भी पढ़ें: कर्नाटक में बड़ा हादसा, नदी में सीप ढूंढने गए 8 लोगों की डूबने से दर्दनाक मौत
कुछ ही देर में पांचों लोग लापता हो गए. घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए. परिजनों में चीख-पुकार मच गई. जिस बच्ची के लिए लोग जान की बाजी लगा रहे थे, वह तो बच गई, लेकिन पांच परिवारों के घरों में मातम छा गया. लड़की को बचाने निकले पांच लोग वापस नहीं लौट सके.
पुलिस का कहना है कि मृतक आसपास के गांवों के रहने वाले थे. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. हादसे के बाद SDRF की टीमों को बुलाया गया. नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया और पानी में डूबने वालों की तलाश शुरू की गई. प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लड़की नदी के किनारे पैर धोते समय फिसलकर पानी में गिर गई थी. उसे बचाने के प्रयास में पांच लोग नदी में उतरे और हादसे का शिकार हो गए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और SDRF की मदद से आगे की कार्रवाई जारी है.
नदी में जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा कि नदी, नहरों और जलाशयों के किनारे जाते समय विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए, खासकर बच्चों को अकेले पानी के पास नहीं जाने देना चाहिए.
aajtak.in