'8 में 7 संदिग्ध बांग्लादेशी, PAK के लिए रेकी...', लश्कर के टेरर मॉड्यूल पर दिल्ली पुलिस का बड़ा खुलासा

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लश्कर-ए-तैयबा के एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए कोलकाता और तमिलनाडु से 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी और बांग्लादेशी आतंकी संगठनों के इशारे पर काम कर रहा था.

Advertisement
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कोलकाता और तमिलनाडु में लश्कर से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया. (Photo: PTI) दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कोलकाता और तमिलनाडु में लश्कर से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया. (Photo: PTI)

अरविंद ओझा

  • नई दिल्ली,
  • 22 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 3:14 PM IST

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लश्कर-ए-तैयबा के एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दिल्ली, कोलकाता और तमिलनाडु से कुल 8 ​संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. स्पेशल सेल के अधिकारियों के अनुसार, यह मॉड्यूल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और बांग्लादेशी आतंकवादी संगठनों के इशारे पर आतंकवादी हमलों की योजना बना रहा था. ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 से अधिक मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड बरामद किए.

Advertisement

पुलिस की जांच में पता चला कि इन आरोपियों ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठनों का समर्थन करने वाली सामग्री पोस्ट की थी. दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के एडिशनल सीपी प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि 7 और 8 फरवरी को दिल्ली व कोलकाता के मेट्रो स्टेशनों पर ऐसे पोस्टर लगाए गए थे, जिनमें बुरहान वानी और पाकिस्तानी आतंकी संगठनों की गतिविधियों का महिमामंडन किया गया था. जांच में सामने आया कि पोस्टर लगाने वाले लोग कोलकाता से दिल्ली आए थे. 7 फरवरी को दिल्ली और 10 फरवरी को कोलकाता में पोस्टर लगाए गए.

तमिलनाडु से 6 और कोलकाता से 2 संदिग्ध गिरफ्तार

इस मामले में कोलकाता से 2 और तमिलनाडु से 6 आरोपियों को पकड़ा गया. तमिलनाडु के तिरुप्पुर से गिरफ्तार किए गए छह आरोपी मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबात, उमर, मोहम्मद लिटन, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्ज्वल हैं. ये सभी तिरुप्पुर के गारमेंट इंडस्ट्री में काम कर रहे थे अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल करते थे. गिरफ्तार आठ संदिग्धों में 7बांग्लादेशी नागरिक हैं. दिल्ली पुलिस के अनुसार, तमिलनाडु से गिरफ्तार किए गए छह संदिग्धों पर आतंकवादियों की मदद के लिए भारत के अलग-अलग शहरों की रेकी करने का आरोप है.

Advertisement

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के मुताबिक, इस आतंकी मॉड्यूल का हैंडलर शब्बीर अहमद लोन उर्फ शब्बीर शाह है, जो पाकिस्तान में ट्रेनिंग ले चुका है और फिलहाल बांग्लादेश में बैठकर नेटवर्क संचालित कर रहा है. शब्बीर अहमद लोन को 2007 में दिल्ली में गिरफ्तार किया गया था, जब वह एक बड़े नेता की हत्या के इरादे से फिदायीन हमला करने आया था. उस समय उसके पास से AK-47 और हैंड ग्रेनेड बरामद हुए थे. 2017-18 में सजा पूरी करने के बाद वह देश से बाहर चला गया और दोबारा लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ गया. जांच में यह भी सामने आया कि कोलकाता में एक महंगे फ्लैट को किराए पर लेकर इस आतंकी मॉड्यूल का बेस बनाया गया था.

सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली में जारी किया है टेरर अलर्ट

आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में कई रेकी वीडियो बरामद हुए हैं, जिनसे पता चलता है कि वे हथियार जुटाने और संभावित हमलों की तैयारी में थे. दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल का दावा है कि समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी आतंकी घटना को टाल दिया गया है. एक दिन पहले, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने देश के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर आतंकवादी हमलों की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया था. इसके बाद, दिल्ली के लाल किले और चांदनी चौक पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. सुरक्षा एजेंसियों ने जनता से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या आपातकालीन सेवाओं को देने का आग्रह किया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement