दिल्ली-एनसीआर में मानसून की पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश अब आम लोगों के लिए बड़ी आफत बनती जा रही है. जलभराव, सड़क धंसने और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिसके कारण पूर्वी दिल्ली के दिलशाद गार्डन, ईस्ट ऑफ कैलाश, नोएडा के सेक्टर 105, गुरुग्राम के सेक्टर 37 सी और गाजियाबाद के वसुंधरा में जनजीवन और यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है.
वहीं, गुरुग्राम में एक बहुमंजिला सोसाइटी की बालकनी गिरने से हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत राहत कार्य, सड़क मरम्मत और इन हादसों की जांच शुरू कर दी है.
दिलशाद गार्डन में नाला ओवरफ्लो
पूर्वी दिल्ली के दिलशाद गार्डन क्यू (Q) पॉकेट के अंदर स्थानीय निवासियों को भीषण जलभराव (वॉटर लॉगिंग) की समस्या का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के बाद नाला ओवरफ्लो होने के कारण पानी की निकासी बिल्कुल नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों का हाल बेहाल है. दूसरी तरफ, दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में स्थित नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट हॉस्पिटल के ठीक बाहर एक विशाल पेड़ गिर गया है, जिससे वहां की सड़कों पर वाहनों का यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है.
इसके अलावा नोएडा के सेक्टर 105 क्षेत्र में एक्सप्रेस व्यू एचआईजी अपार्टमेंट के पास भी एक पेड़ गिरने की खबर है.
गुरुग्राम में गिरी फ्लैट की बालकनी
गुरुग्राम के सेक्टर 37C में स्थित 'इम्पीरिया एस्फोरा' फेस 2 सोसाइटी में आज एक बेहद गंभीर हादसा हुआ. यहां एक फ्लैट की बालकनी का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे जमीन पर आ गिरा गया.
इस घटना के बाद से ही पूरी सोसाइटी के निवासियों में भारी दहशत और गहरा रोष देखा जा रहा है. घटना के वक्त नीचे किसी भी व्यक्ति के मौजूद न होने से एक बड़ी अनहोनी टल गई, लेकिन इस हादसे ने बहुमंजिला इमारतों के निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोग अब प्रशासन से इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं.
गढ़े में गिरी कार और स्कूटी
गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके में अटल चौक के पास आज सुबह लगातार हो रही बारिश के बीच अचानक सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया.
दरअसल, सड़क के बिल्कुल किनारे चल रहे एक बिल्डिंग के निर्माण कार्य के दौरान भारी बारिश की वजह से मिट्टी खिसक गई और बड़ा कटान हो गया. इस कटान के कारण एक टाटा पंच कार और एक स्कूटी सीधे गहरे गड्ढे में धंस गई. राहत की बात ये रही कि इस अचानक हुई घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ. प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर सड़क की मरम्मत का काम और मामले की जांच शुरू कर दी है.
aajtak.in