अरुणाचल प्रदेश में चीन सीमा को लेकर विवाद जारी है. अब राज्य के मंत्री बालो राजा ने ITBP प्रमुख की टिप्पणियों पर सवाल उठाया है. उन्होंने जासूसी रोमांचक फिल्म ‘धुरंधर’ का जिक्र करते हुए कहा कि भारत मजबूत है और उसकी खुफिया क्षमताएं काफी बढ़ी हैं.
ITBP के महानिदेशक शत्रुजीत सिंह कपूर ने कहा था कि अरुणाचल प्रदेश में सीमा के कई स्थासनों पर आमने-सामने की स्थिति जारी है. उनकी इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया, जिसके बाद विपक्षी नेताओं ने केंद्र से सीमा के हालात और इन घटनाओं पर जानकारी मांगी है.
शहरी मामलों, लैंड मैनेजनमेंट और नागरिक उड्डयन विभाग संभाल रहे बालो राजा ने मंगलवार को ईटानगर में पत्रकारों से बात की. उन्होंने सवाल किया कि एक वरिष्ठ अधिकारी ऐसा बयान क्यों देगा, जिससे यह धारणा बने की भारत कमजोर है.
'धुरंधर फिल्म नहीं देखी, तो जरूर देखें'
राजा ने कहा कि "जब आप महानिदेशक हैं तो ऐसे बयान क्यों देते हैं और खुद को कमजोर क्यों समझते हैं". उन्होंने कहा कि "भारत बहुत मजबूत है. राजा ने आगे कहा कि लोगों ने ‘धुरंधर’ फिल्म जरूर देखी होगी और अगर नहीं देखी है तो उसे देखें. इससे पता चलेगा कि भारत की खुफिया क्षमताएं कितनी बढ़ी है".
यह भी पढ़ें: 'चीन को लेकर दोस्ताना रवैया क्यों?', सीमा विवाद पर ओवैसी ने साधा PM मोदी पर निशाना
यह विवाद ITBP के महानिदेशक शत्रुजीत सिंह कपूर की रिपोर्ट की गई टिप्पणियों के बाद सामने आया है. कपूर ने 22 अक्टूबर को राजस्थान के अलवर में आयोजित एक कार्यक्रम में ITBP के जवानों को संबोधित किया था. इस दौरान उन्होंने सीमा पर आमने-सामने की स्थिति से निपटने में शौर्य कमांडो टीमों की भूमिका की तारीफ की थी.
कपूर ने हथियारों और उपकरणों को आधुनिक बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया था. उन्होंने कहा था कि बदलती सुरक्षा चुनौतियों का जवाब देने के लिए क्षमताओं को मजबूत करना जरूरी है. इन चुनौतियों में ड्रोन युद्ध भी शामिल है. ITBP प्रमुख की रिपोर्ट की गई टिप्पणियों के बाद सीमा की स्थिति पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हुई हैं.
aajtak.in