शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल के बरी होने पर क्या बोले अन्ना हजारे

शराब घोटाले में कोर्ट द्वारा अरविंद केजरीवाल को बरी किए जाने पर अन्ना हजारे ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने अरविंद केजरीवाल को लेकर कहा कि देश न्याय व्यवस्था से चलता है और अदालत का फैसला सभी को स्वीकार करना चाहिए. उन्होंने दोहराया कि गिरफ्तारी के समय भी उन्होंने यही बात कही थी. केजरीवाल द्वारा बीजेपी पर लगाए गए आरोपों पर उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक दलों का मामला है और वो उसमें हस्तक्षेप नहीं करेंगे.

Advertisement
अन्ना हजारे ने भी केजरीवाल पर दी प्रतिक्रिया (Photo: Screengrab) अन्ना हजारे ने भी केजरीवाल पर दी प्रतिक्रिया (Photo: Screengrab)

साहिल जोशी

  • मुंबई,
  • 27 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 9:02 PM IST

दिल्ली के शराब घोटाला मामले में निचली अदालत (राउज एवेन्यू कोर्ट) ने पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत 23 लोगों को बरी कर दिया गया है. कोर्ट द्वारा बरी किए जाने के बाद केजरीवाल के राजनीतिक गुरु माने जाने वाले समाजसेवी अन्ना हजारे की प्रतिक्रिया भी सामने आई है.

अन्ना ने केजरीवाल पर क्या कहा ?

महाराष्ट्र के रालेगण सिद्धि में वरिष्ठ समाजसेवक अन्ना हजारे ने अरविंद केजरीवाल से जुड़े मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए देशवासियों से न्याय व्यवस्था पर भरोसा बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि देश कानून और न्याय व्यवस्था के आधार पर चलता है. यदि न्याय व्यवस्था न हो तो अराजकता फैल जाएगी, इसलिए हर नागरिक को अदालत के फैसले को स्वीकार करना चाहिए.

Advertisement

अन्ना हजारे ने कहा कि जब अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी हुई थी, तब भी उन्होंने यही बात कही थी कि अदालत जो भी फैसला देगी, उसे सभी को मानना होगा. उन्होंने दोहराया कि किसी भी मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय का होता है और वही सर्वोपरि है.

केजरीवाल के आरोपों पर प्रतिक्रिया से इनकार

रिहाई के बाद अरविंद केजरीवाल द्वारा भारतीय जनता पार्टी पर लगाए गए आरोपों के संबंध में पूछे गए सवाल पर हजारे ने कहा कि कौन किस पर आरोप लगाता है, यह महत्वपूर्ण नहीं है. यह राजनीतिक दलों के बीच का विषय है और वे उसमें पड़ना नहीं चाहते.

अन्ना हजारे ने यह भी कहा कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया उनके पुराने कार्यकर्ता रहे हैं और वे उन्हें अच्छी तरह से जानते हैं. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक अदालत का अंतिम फैसला नहीं आता, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है.

Advertisement

उन्होंने एक बार फिर जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में न्यायपालिका की भूमिका सबसे अहम होती है और सभी नागरिकों को अदालत के निर्णय का सम्मान करना चाहिए.

केजरीवाल ने मोदी सरकार पर जमकर किया हमला

वहीं कोर्ट द्वारा शराब घोटाले में बरी किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया.केजरीवाल ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए न्यायपालिका का आभार व्यक्त किया और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने सीधे पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »