अमरनाथ यात्रा के लिए बालटाल बेस कैंप जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस सोनमर्ग हाईवे के एस-मोड़ के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में पलट गई. हादसे के वक्त बस में 50 यात्री सवार थे, जिनमें से 30 यात्री घायल हो गए हैं. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, सुरक्षा बलों और स्थानीय निवासियों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू कर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया.
पुलिस ने बताया कि सोनमर्ग हाईवे पर गंड के हरीगनीवान इलाके में एस-मोड़ पर श्रुद्धालुओं से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो कर खाई में पलटने की सूचना मिली थी, ये बस अमरनाथ यात्रा के श्राद्धलुओं को लेकर बालटाल बेस कैंप की ओर जा रही थी.
हादसे में 30 लोग घायल
मौके पर पहुंची टीम ने बताया कि मंगलवार सुबह बालटाल से श्रीनगर जा रही अमरनाथ यात्रियों से भरी एक बस (नंबर AR-11D-5655, जिसमें लगभग 50 यात्री सवार थे) सोनमर्ग रोड पर हरि गनीवान के पास 'S-मोड' पर दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई और सड़क किनारे ढलान पर लगभग 20-25 मीटर नीचे लुढ़कते हुए एक घर की छत पर जाकर रुक गई. इस हादसे में 30 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें इलाज, मेडिकल जांच के लिए कंगन के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हादसे के तुरंत बाद एसएचओ रईस अहमद के नेतृत्व में गंड पुलिस, आईटीबीपी, सीआरपीएफ 118 बटालियन, 2 असम राइफल्स, 21 आरआर, यात्रा पुलिस और स्थानीय निवासियों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. सभी सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया.
अशरफ वानी