मुस्कुराते हुए कैब से उतरीं, फिर रो पड़ीं फ्रांस की टूरिस्ट... जिस कैब वाले ने की ठगी, उसकी कार हो गई सीज

फ्रांस से ताजमहल देखने आईं दो महिला पर्यटक आगरा पहुंचीं तो चेहरे पर मुस्कान थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में उनकी आंखों में आंसू आ गए. ऑनलाइन कैब बुक करने के बावजूद ड्राइवर ने 50 यूरो ले लिए. हालांकि स्थानीय गाइड की सतर्कता और पुलिस की फौरन कार्रवाई से 50 यूरो वापस मिल गए. अब पुलि ने ठगी के आरोपी कैब ड्राइवर की कार सीज कर दी है.

Advertisement
फ्रांस की महिला टूरिस्ट से कैब वाले ने कर ली ठगी. (Photo: Screengrab) फ्रांस की महिला टूरिस्ट से कैब वाले ने कर ली ठगी. (Photo: Screengrab)

नितिन उपाध्याय

  • आगरा,
  • 08 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 1:47 PM IST

भारत घूमने आई थीं, लेकिन आगरा पहुंचते ही ऐसा सबक मिला, जिसकी शायद उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी. फ्रांस से आईं दो महिला टूरिस्ट ऑनलाइन कैब बुक करके ताजमहल देखने पहुंचीं. किराया पहले ही ऑनलाइन पे कर चुकी थीं, लेकिन कैब ड्राइवर ने एक नई कहानी सुनाई- 'फ्लाइट लेट हुई, पार्किंग लगी... 500 रुपये और देने होंगे. विदेशी पर्यटकों को भारतीय करेंसी की ज्यादा जानकारी नहीं थी. उन्होंने पर्स से नोट निकाला और 500 रुपये समझकर 50 यूरो ड्राइवर को पकड़ा दिए. यानी करीब 5 हजार रुपये.

Advertisement

दरअसल, फ्रांस की जूलियट ईवा और उनकी साथी वैरोनिका मंगलवार सुबह दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचीं. वहां से ऑनलाइन बुक की गई कैब में बैठकर आगरा के लिए रवाना हुईं. आगरा पहुंचने पर ड्राइवर अजहरुद्दीन ने कहा कि ऑनलाइन किराए के अलावा एयरपोर्ट पार्किंग और फ्लाइट लेट होने का चार्ज भी देना पड़ेगा. इसके बाद उसने दोनों महिलाओं को ताजमहल के पूर्वी गेट की बजाय पुरानी मंडी इलाके में उतार दिया और 500 रुपये मांगने लगा.

यह भी पढ़ें: ताजमहल के टिकट विंडो गेट का हाउस टैक्स बकाया! आगरा नगर निगम ने भेजा नोटिस

दोनों महिलाओं ने बिना भारतीय करेंसी समझे 50 यूरो का नोट निकालकर उसे दे दिया. ड्राइवर ने भी यह नहीं बताया कि यह 500 रुपये नहीं, बल्कि उससे कई गुना ज्यादा रकम है. वह पैसे लेकर आगे बढ़ गया.

Advertisement

मौके पर मौजूद एक लोकल गाइड की नजर महिला के हाथ में यूरो पर पड़ गई. उसने पूछा तो पूरी कहानी सामने आ गई. जब महिलाओं को पता चला कि उन्होंने 500 रुपये की जगह करीब 5 हजार रुपये दे दिए हैं, तो उनमें से एक भावुक होकर रोने लगी. गाइडों ने तुरंत ताज सुरक्षा पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलते ही ताज सुरक्षा पुलिस हरकत में आई. पुलिस ने कैब ड्राइवर को बुलाया और उससे पूछताछ की. इसके बाद ड्राइवर ने पर्यटकों के 50 यूरो वापस कर दिए. रकम वापस मिलने पर दोनों विदेशी पर्यटकों ने राहत की सांस ली और पुलिस व स्थानीय गाइडों का धन्यवाद किया. ताज सुरक्षा के एसीपी यतेंद्र नागर ने बताया कि दोनों विदेशी महिलाओं ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी. हालांकि पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ शांति भंग की आशंका में कार्रवाई करते हुए उसकी कार सीज कर दी है.

ताजमहल क्षेत्र में पर्यटकों से ठगी का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी होटल बुकिंग, खरीदारी, फर्जी गाइड और अन्य बहानों से देशी-विदेशी पर्यटकों को निशाना बनाए जाने के कई मामले सामने आ चुके हैं. पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करती है, लेकिन पर्यटकों से जुड़े ऐसे मामलों पर पूरी तरह रोक अब भी चुनौती बनी हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »