मोदी सरकार में केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है. वहीं, राम मंदिर चंदा चोरी मामले में जांच के लिए गठित एसआईटी टीम ने सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है. इन खबरों के अलावा, आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में चोटिल नीतीश कुमार रेड्डी की जगह सूर्यांश शेडगे को शामिल किया गया. पढ़ें मंगलवार शाम की बड़ी खबरें.
मोदी सरकार के मंत्री जॉर्ज कुरियन ने दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति भवन से मिली मंजूरी
मोदी सरकार में अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है. उनका राज्यसभा कार्यकाल 21 जून को खत्म हो गया था, इसलिए उन्होंने दूसरे दिन ही उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. राष्ट्रपति ने उनके इस्तीफे को स्वीकार भी कर लिया है. BJP ने हालिया राज्यसभा चुनावों में उनको फिर से मौका नहीं दिया था.
राम मंदिर दान चोरी मामले में SIT ने सौंपी रिपोर्ट, कई तथ्य अब भी गोपनीय
राम मंदिर दान मामले की जांच कर रही SIT ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है. लखनऊ मंडल के आयुक्त विजय विश्वास पंत ने इसकी पुष्टि की. उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में कई ऐसे तथ्य शामिल हैं जो संवेदनशील हैं, इसलिए फिलहाल उन्हें सार्वजनिक नहीं किया जा सकता. अब शासन स्तर पर रिपोर्ट की समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी.
टीम इंडिया में इस धुरंधर की एंट्री, आयरलैंड-इंग्लैंड टूर पर काटेगा गदर, नीतीश कुमार रेड्डी चोट के चलते बाहर
ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी ट्वेंटी सीरीज के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की. सूर्यांश शेडगे को नीतीश कुमार रेड्डी की जगह टीम में शामिल किया गया है. नीतीश कुमार रेड्डी जांघ की मासपेशी में चोट लगने के कारण टीम से बाहर हो गए हैं.
'होर्मुज के खुलने से बेहतर होगी एनर्जी सप्लाई चेन', ब्रिक्स NSA की बैठक में बोले अजीत डोभाल, भारत ने US-ईरान शांति समझौते का किया स्वागत
भारत के NSA अजीत डोभाल नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स एनएसए की मीटिंग में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के खुलने को वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा और वैश्विक सप्लाई चेन के लिए एक बेहद स्वागत योग्य कदम बताया है. डोभाल ने कहा कि भारत अमेरिका-ईरान के बीच हुए MoU का स्वागत करता है. हमें उम्मीद करते हैं कि ये काम करेगा.
प्रकाश राज के पास एक से ज्यादा वोटर आईडी, गैर-जमानती वारेंट जारी
प्रकाश राज के खिलाफ बेंगलुरु की कोर्ट ने गैर जमानती वॉरंट जारी किया है. आरोप हैं कि प्रकाश राज के पास कर्नाटक समेत 4 राज्यों के वोटर कार्ड हैं. वकील दिलीप कुमार ने हलासूरू गेट पुलिस स्टेशन में 2019 में शिकायत दर्ज कराई थी. अगर प्रकाश राज के पास एक से अधिक वोटर कार्ड होने की बात साबित होती है, यह चुनाव नियमों का उल्लंघन होगा.
NTA ने जारी किया CUET UG का रिजल्ट जारी, इस तरह चेक करें स्कोरकार्ड
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने CUET UG 2026 का रिज़ल्ट जारी कर दिया है. अभ्यर्थी cuet.nta.nic.in पर जाकर स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. इस साल करीब 15.68 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. स्कोरकार्ड में सब्जेक्ट-वाइज अंक, पर्सेंटाइल, नॉर्मलाइज़्ड मार्क्स और योग्यता स्थिति दर्ज होगी. यह परीक्षा 9 जून को आयोजित हुई थी.
सिंगर अलका याग्निक को मिला पद्म भूषण, पीएम मोदी के छुए पैर, लिया आशीर्वाद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 65 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया. सिंगर अलका याग्निक, आर माधवन जैसे कलाकारों को ये अवॉर्ड दिया गया. फिल्म मेकर और एक्टर आर माधवन को पद्मश्री दिया गया. राष्ट्रपति भवन में आर माधवन की पत्नी और बेटे भी नजर आए. अल्का याग्निक को म्यूजिक जगत में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया.
तेजप्रताप यादव के सरकारी आवास में चोरी, 20 लाख कैश और पार्टी फंड गायब...PA पर FIR
तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक मोतीलाल राय के खिलाफ पटना के सचिवालय थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके सरकारी आवास से 20 लाख रुपये नकद समेत कई कीमती सामान चोरी हो गए हैं. तेज प्रताप के अनुसार यह घटना 22 जून को सामने आई, जब उन्होंने अपने कमरे की अलमारी की जांच की.
रिटायर होने जा रहे T-72 टैंक बनेंगे घातक 'रोबोटिक वॉरियर', सेना का मास्टरस्ट्रोक
भारतीय सेना अपने 2400 पुराने टी सेवेंटी टू टैंकों को रिटायर या कबाड़ में बेचने के बजाय मानवरहित लड़ाकू वाहनों में बदलने की तैयारी में है. ऑटोनॉमस किट से लैस ये टैंक रिमोट या स्वचालित मोड में चलेंगे. हर टैंक पर 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इन रोबोटिक टी सेवेंटी टू टैंकों को सबसे ज़्यादा जोखिम वाले ऑपरेशन्स के लिए रिजर्व रखा जाएगा.
इतिहास रचने के लिए आयरलैंड रवाना हुए वैभव सूर्यवंशी, 15 साल की उम्र में करेंगे डेब्यू
टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी आयरलैंड दौरे के लिए रवाना हो चुके हैं. अगर वह 26 या 28 जून को होने वाले टी20 मैचों में खेलते हैं, तो भारत के लिए सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे. हाल ही में उन्होंने श्रीलंका ट्राई सीरीज़ फ़ाइनल में 29 गेंदों पर 94 रन ठोककर अपनी बल्लेबाज़ी का दम दिखाया था.
aajtak.in