लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में एक इमारत में लगी आग में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है. वहीं, शिवसेना (UBT) के 6 बागी सांसद अब एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए हैं. इन खबरों के अलावा, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने सोमवार को आगे बढ़ते हुए मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक के बाकी हिस्सों, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ और क्षेत्रों को कवर कर लिया है. पढ़ें सोमवार शाम की बड़ी खबरें.
लखनऊ आग में 15 लोगों की मौत, CM योगी ने फायर विभाग के अफसरों को लगाई फटकार
लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में एक इमारत में लगी आग में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है. कुछ लोग जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदते देखे गए. नीचे गिरने पर उनको चोट भी आई. अधिकारियों ने बताया है कि इमारत में ग्राउंड फ्लोर पर पेट शॉप थी, जबकि ऊपरी मंज़िल पर गेमिंग जोन संचालित था, जहां कर्मचारी गेमिंग सॉफ्टवेयर पर काम करते थे.
6 बागी सांसद शिवसेना में शामिल, शिंदे बोले- अब मेरे पास तीन संजय हैं
शिवसेना (UBT) के 6 बागी सांसद अब एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए हैं. शिंदे कैंप में शामिल होने वाले सांसदों में संजय दीना पाटिल, संजय देशमुख, संजय जाधव, भाऊसाहेब वाकचौरे, पाटिल-अष्टिकर और ओमप्रकाश राजेनिंबालकर का नाम शामिल है. इन सांसदों ने 17 जून को दिल्ली में हुई शिवसेना (UBT) पार्लियामेंट्री पार्टी की मीटिंग में हिस्सा नहीं लिया था.
Monsoon Update: बिहार-ओडिशा को कवर करके आगे बढ़ा मॉनसून, मुंबई में बढ़ी स्पीड, IMD ने दी ये जानकारी
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने सोमवार को आगे बढ़ते हुए मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक के बाकी हिस्सों, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ और क्षेत्रों को कवर कर लिया है. मौसम विभाग ने कहा कि अगले 48 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं
ब्रिटिश PM स्टार्मर छोड़ा पद, 10 साल में समय से पहले इस्तीफा देने वाले होंगे छठे पीएम
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने सोमवार को पीएम पद और लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा देने का आधिकारिक ऐलान कर दिया. जब उन्होंने अपनी विदाई का ऐलान किया तो जनता ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया. इसके साथ ही वे पिछले 10 सालों में समय से पहले इस्तीफा देने वाले छठे ब्रिटिश पीएम बन गए हैं.
जहां तैनात हैं राफेल और S-400, उस एयरबेस के लिए शुभेंदु ने दी 25 एकड़ जमीन
पश्चिम बंगाल सरकार ने पूर्वी भारत की हवाई सुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से हसीमारा एयर फोर्स स्टेशन के लिए 25 एकड़ और कलाईकुंडा एयर फोर्स स्टेशन के लिए 37 एकड़ जमीन आवंटित करने का फैसला किया है. हसीमारा एयरबेस अलीपुरद्वार में स्थित है. वहीं, मेदिनीपुर में स्थित कलाईकुंडा एयरबेस पूर्वी एयर कमांड के तहत एक बड़ा फाइटर और ट्रेनिंग हब है.
BSES को दिल्ली हाईकोर्ट से झटका, CAG ऑडिट नोटिस रद्द करने की याचिका खारिज
दिल्ली हाईकोर्ट ने BSES राजधानी पावर लिमिटेड की CAG के भेजे गए ऑडिट नोटिस को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज कर दिया है. अदालत ने अपने आदेश में कहा कि दिल्ली की बिजली वितरण कंपनियों के CAG ऑडिट पर किसी भी तरह की कोई रोक या पाबंदी नहीं है. हाईकोर्ट ने कहा कि ऑडिट प्रक्रिया में सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन ज़रूरी है.
श्रद्धा पांडेय बनीं BPSC टॉपर, पहले बिना कोचिंग के पास की थी PCS की परीक्षा
बिहार लोक सेवा आयोग की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का फाइनल रिजल्ट आ गया है. इस परीक्षा में प्रतापगढ़ के रानीगंज की रहने वाली श्रद्धा ने 593 अंक लाकर टॉप रैंक हासिल की है. बताया जा रहा है कि इस उपलब्धि के बाद उन्हें SDM का पद मिल सकता है. श्रद्धा पहले से ही उत्तर प्रदेश में असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर लखनऊ में तैनात हैं.
भारतीय मूल की अपर्णा राज ने वॉशिंगटन डी.सी. में जीता चुनाव, वार्ड-1 में लहराया परचम
भारतीय प्रवासी परिवार की बेटी और पहली बार चुनाव लड़ रहीं अपर्णा राज ने वॉशिंगटन डी.सी. के वार्ड-1 काउंसिल सीट के लिए डेमोक्रेटिक प्राइमरी चुनाव जीत लिया है. इस जीत के साथ वह पिछले तीन दशकों में वार्ड-1 की पहली नई प्रतिनिधि बनने की ओर अग्रसर हैं. रैंक्ड-चॉइस वोटिंग सिस्टम के तहत हुई मतगणना के चौथे दौर में अपर्णा राज को 52% वोट मिले.
भरत तिवारी एनकाउंटर केस में सुप्रीम कोर्ट का तत्काल सुनवाई से इनकार, याचिका में CBI जांच की मांग
बिहार के भोजपुर ज़िले में हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में सुप्रीम कोर्ट ने तुरंत सुनवाई से इनकार कर दिया है. अदालत ने निर्देश दिया है कि जल्द सुनवाई के अनुरोध के लिए वो सबसे पहले सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री से संपर्क करें. अब रजिस्ट्री से अनुमति मिलने के बाद ही साफ होगा कि सुप्रीम कोर्ट इस मामले पर कब सुनवाई करेगा.
17 साल बाद भारत लौट रहा ये टूर्नामेंट, सिर्फ 499 में मिलेगा टिकट, शुरू हुई बिक्री
बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 17 साल बाद भारत में आयोजित होने जा रही है. यह टूर्नामेंट 17 से 23 अगस्त तक राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेला जाएगा. फैंस के लिए 6,000 सीटें उपलब्ध रहेंगी और टिकट की कीमत 499 रुपये से 5,500 रुपये तक होगी. भारत ने आख़िरी बार 2009 में हैदराबाद में इस चैंपियनशिप की मेज़बानी की थी.
aajtak.in