Youtuber गौतम खट्टर ने कोर्ट में टेके घुटने, साईं बाबा पर टिप्पणी के लिए मांगी माफी, अब नहीं देंगे कोई बयान

शिरडी साईं बाबा पर सोशल मीडिया के जरिए कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के मामले में यूट्यूबर गौतम खट्टर ने राहता सीनियर डिवीजन कोर्ट में लिखित माफी मांगी है. उन्होंने भविष्य में साईं बाबा पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं करने का भी आश्वासन दिया. साईं बाबा मंदिर ट्रस्ट ने इसके बाद उनके खिलाफ दायर मुकदमा वापस ले लिया.

Advertisement
गौतम खट्टर ने मांगी माफी. (Photo: Screengrab) गौतम खट्टर ने मांगी माफी. (Photo: Screengrab)

नितिन मिराणे

  • शिरडी,
  • 14 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 7:50 PM IST

शिरडी साईं बाबा को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और तथ्यहीन टिप्पणियां करने के मामले में यूट्यूबर गौतम खट्टर ने राहता सीनियर डिवीजन कोर्ट में लिखित माफी मांगी है. उन्होंने कोर्ट को यह भी लिखकर दिया कि भविष्य में वह श्री साईं बाबा के बारे में कोई सार्वजनिक बयान या टिप्पणी नहीं करेंगे. गौतम खट्टर ने कहा कि उनके और साईं बाबा मंदिर ट्रस्ट के बीच पिछले कुछ समय से न्यायिक प्रक्रिया चल रही थी. मौजूदा परिस्थितियों और सामाजिक समरसता को ध्यान में रखते हुए उन्होंने विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने का फैसला किया है.

Advertisement

कोर्ट में दिए अपने बयान में गौतम खट्टर ने कहा कि उनके द्वारा पहले व्यक्त किए गए विचार किसी व्यक्ति, संस्था या श्रद्धालु समुदाय की आस्था, सम्मान या प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से नहीं थे. उन्होंने कहा कि यदि उनकी बातों को किसी अन्य अर्थ में लिया गया और उससे किसी को मानसिक पीड़ा, असहमति या अप्रसन्नता हुई हो, तो वह इसके लिए गहरा खेद व्यक्त करते हैं. गौतम खट्टर ने यह भी कहा कि सामाजिक सौहार्द और आपसी सम्मान बनाए रखने के उद्देश्य से वह भविष्य में इस विषय पर किसी भी प्रकार की सार्वजनिक टिप्पणी या चर्चा से दूर रहेंगे.

ट्रस्ट ने दायर किए थे सिविल और आपराधिक मुकदमे

साईं बाबा मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों से सोशल मीडिया पर श्री साईं बाबा के बारे में कथित झूठे और आपत्तिजनक बयान देने वाले कई लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है. ट्रस्ट का कहना है कि गौतम खट्टर भी बार-बार सोशल मीडिया के माध्यम से साईं बाबा के बारे में कथित तथ्यहीन और बदनाम करने वाले बयान दे रहे थे. इसके बाद ट्रस्ट ने राहता सीनियर डिवीजन कोर्ट में उनके खिलाफ सिविल और आपराधिक मुकदमे दायर किए थे.

Advertisement

माफी के बाद ट्रस्ट ने वापस लिया मुकदमा

साईं बाबा मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोरक्ष गाडिलकर ने बताया कि गौतम खट्टर ने राहता कोर्ट में लिखित माफी दाखिल की है. इसके बाद ट्रस्ट ने उनके खिलाफ दायर दावा वापस ले लिया है. उन्होंने बताया कि गौतम खट्टर ने पहले भी अपने कथित आपत्तिजनक वीडियो हटाने की जानकारी दी थी  और शेष वीडियो भी हटाने का आश्वासन दिया है. साथ ही उन्होंने कोर्ट में यह भी कहा है कि भविष्य में उनके माध्यम से साईं बाबा या उनके श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कोई व्यवहार नहीं होगा.

पहले भी कई लोगों पर हुई कार्रवाई

गोरक्ष गाडिलकर ने बताया कि इससे पहले पंडित अजय गौतम के खिलाफ भी ट्रस्ट ने सिविल और आपराधिक मुकदमे दायर किए थे. बाद में उन्होंने भी राहता कोर्ट पहुंचकर लिखित माफी दी और साईं बाबा के दर्शन किए थे. उन्होंने कहा कि जैन मुनि विमल सागर के खिलाफ भी ट्रस्ट ने सिविल मुकदमा दायर किया है. इसके अलावा दक्षिण भारत के कुछ लोगों के खिलाफ 10 से 12 एफआईआर दर्ज कराई गई हैं. उनके खिलाफ भी अगले कुछ दिनों में सिविल और आपराधिक मुकदमे दायर किए जाएंगे. ट्रस्ट का कहना है कि श्री साईं बाबा और उनके श्रद्धालुओं के बारे में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ आगे भी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »