महाराष्ट्र के ठाणे में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की कुकर के ढक्कन से पीट-पीटकर और गला दबाकर हत्या कर दी.पुलिस ने मंगलवार (21 जुलाई) को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया.अधिकारियों के मुताबिक, विवाद की शुरुआत पति के साड़ी नहीं लाने को लेकर हुई थी, जिसके बाद महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया. आरोपी महिला बिहार के रोहतास जिले की रहने वाली है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनीतादेवी हरेराम सिंह ने शुरुआत में इस घटना को एक्सीडेंट बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. मृतक की पहचान हरेराम किशुनजी सिंह (35) के रूप में हुई है, जो बदलापुर ईस्ट में रहते थे. 19 जुलाई को साड़ी नहीं लाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गया. गुस्से में आकर सुनीता ने पहले हरेराम पर प्रेशर कुकर के ढक्कन से हमला किया और फिर उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
पत्नी के बयान के आधार पर पुलिस ने शुरुआत में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी. हालांकि, सरकारी अस्पताल से आई मेडिकल रिपोर्ट ने पूरे मामले का रुख बदल दिया. बदलापुर ईस्ट पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर नितिन पाटिल ने बताया कि रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि मौत नॉर्मल नहीं थी, बल्कि गला दबाने से दम घुटने के कारण हुई थी.
पूछताछ में खुला राज
इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों और मकान मालिक से पूछताछ की, जिससे पत्नी पर शक गहरा गया. सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने मंगलवार (21 जुलाई) को उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने आरोपी महिला को 29 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया.
aajtak.in