न खा रहा, न पी रहा... संभाजीनगर में बेटे-पति को खोकर मां ने भी दे दी जान, खत्म हुआ पूरा परिवार, सूने घर में अकेला रह गया वफादार कुत्ता

छत्रपति संभाजीनगर में एक हंसता-खेलता परिवार पल भर में तबाह हो गया. 19 साल के कुणाल को बचाने की कोशिश में पिता मुरलीधर का हाथ तो पकड़ा, लेकिन संतुलन बिगड़ने से दोनों 300 फीट नीचे खाई में गिर गए. पति और बेटे को आंखों के सामने खोने के बाद मां संगीता ने भी पहाड़ी से कूदकर जान दे दी. इस भयानक त्रासदी के बाद घर में सन्नाटा पसरा है, जिसे चीर रही है एक बेजुबान की आवाज. कुणाल का पालतू कुत्ता अब भी उसी घर में बंद अपने मालिकों का इंतजार कर रहा है.

Advertisement
छत्रपति संभाजीनगर में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत.(Photo:ITG) छत्रपति संभाजीनगर में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत.(Photo:ITG)

इसरारउद्दीन चिश्ती

  • छत्रपति संभाजीनगर,
  • 22 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 8:01 PM IST

छत्रपति संभाजीनगर में पारिवारिक विवाद के चलते एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है, जहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई. इस भीषण हादसे के बाद अब घर में सिर्फ उनका वफादार पालतू कुत्ता बचा है, जो पिछले 24 घंटे से अपने मालिकों के वापस लौटने का इंतजार कर रहा है.

Advertisement

दरअसल, 19 साल का कुणाल चंद्रगुडे पारिवारिक विवाद के बाद आत्महत्या करने के इरादे से पहाड़ पर पहुंच गया था. बेटे को पहाड़ की ढलान की तरफ जाता देख पिता मुरलीधर चंद्रगुडे उसे बचाने के लिए आगे बढ़े और उसका हाथ पकड़ लिया. लेकिन इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और दोनों करीब 300 फीट नीचे जा गिरे.

मां संगीता चंद्रगुडे ने जब अपनी आंखों के सामने पति और बेटे को पहाड़ से नीचे गिरते देखा, तो वह भी सदमे में पहाड़ से कूद गईं. इस दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के तीनों लोगों की मौत हो गई. लेकिन इस परिवार के जाने के बाद घर में अब सिर्फ एक बेजुबान बचा है... उनका पालतू कुत्ता.

कुणाल के साथ घूमने जाता था कुत्ता

कुणाल का अपने कुत्ते से बेहद लगाव था. वह रोज सुबह उसे लेकर घूमने जाता था. लेकिन जिस कुणाल के साथ वह रोज घर से बाहर जाता था, वो अब कभी वापस नहीं आएगा. परिवार की मौत के बाद से यह कुत्ता घर में अकेला बंद है.

Advertisement

पड़ोसियों के मुताबिक, शुक्रवार से वह लगातार जोर-जोर से आवाज कर रहा है. वह खाना नहीं खा रहा, पानी नहीं पी रहा और ठीक से सो भी नहीं रहा. देखें VIDEO:- 

पड़ोसियों ने उसे खाना खिलाने की कोशिश की, लेकिन वह कुछ भी खाने को तैयार नहीं है. शायद यह बेजुबान भी अपने परिवार के अचानक चले जाने को महसूस कर रहा है.

सन्नाटे को चीरती कुत्ते की आवाज

जिस घर में कुछ दिन पहले तक कुणाल, उसके माता-पिता और इस कुत्ते की आवाजें थीं, आज उसी घर में सिर्फ सन्नाटा है... और उस सन्नाटे को चीरती इस कुत्ते की आवाज.

पड़ोसियों का कहना है कि कुत्ते को परिवार के तीनों सदस्यों से बहुत लगाव था. अब घर में कोई नहीं है, इसलिए उन्होंने पुलिस से अपील की है कि घर में बंद इस बेजुबान को बाहर निकाला जाए और उसकी देखभाल की व्यवस्था की जाए. देखें VIDEO:- 

मकान मालिक आदित्य देशपांडे के मुताबिक, चंद्रगुडे परिवार कुछ महीने पहले ही यहां रहने आया था. पिता मुरलीधर चंद्रगुडे ट्रक ड्राइवर थे और काम के सिलसिले में कई बार बाहर रहते थे. परिवार को देखकर कभी किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही समय में इस घर में ऐसा मातम छा जाएगा.

Advertisement

आज कुणाल, मुरलीधर और संगीता तीनों नहीं हैं... घर खाली है... लेकिन इससे अनजान उनका वफादार कुत्ता अब भी उसी घर में अपने मालिकों का इंतजार कर रहा है.

यहां समझिए पूरा मामला

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में शुक्रवार दोपहर iPhone मोबाइल की मांग को लेकर शुरू हुए घरेलू विवाद के बाद पहाड़ी से गिरकर एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौत हो गई. घटना वालुज एमआईडीसी थाना क्षेत्र के तिसगांव इलाके में हुई. मृतकों की पहचान शहर के झाल्टा फाटा इलाके के निवासी मुरलीधर चांदगुड़े (48), उनकी पत्नी संगीता और उनके 19-वर्षीय बेटे कुणाल के रूप में हुई है.

घटनाक्रम की शुरुआत दोपहर करीब 10 बजे उस समय हुई, जब कुणाल नया आईफोन फोन लेने की अपनी मांग को लेकर माता-पिता से हुए विवाद के बाद नाराज होकर पहाड़ी पर चढ़ गया. बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंतित पिता मुरलीधर और मां संगीता उसे समझाने व घर वापस लाने के लिए पहाड़ी की चोटी तक उसके पीछे गए.

विवाद का पता चलने के बाद स्थानीय ग्रामीण, पुलिसकर्मी और अग्निशमन के अधिकारी बचाव अभियान में मदद के लिए मौके पर जमा हो गए. अग्निशमन सेवा के कर्मचारियों ने पहाड़ी के नीचे एक सुरक्षा जाल बिछाने की कोशिश की, लेकिन कुणाल चट्टान के किनारे अपनी जगह बदलता रहा, जिससे सुरक्षाकर्मियों की कोशिशें नाकाम हो गईं.

Advertisement

दोपहर करीब एक बजे जब पिता ने अपने बेटे को समझाने के लिए उसके करीब पहुंच गए, तब कुणाल पहाड़ी से कूदने लगा. पिता ने उसे बचाने की कोशिश की, जिससे दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पहाड़ी की चोटी से नीचे गिर गए. अपने पति और बेटे को मौत के करीब जाते देख संगीता ने भी कुछ ही पल बाद पहाड़ी से छलांग लगा दी. इस घटना में तीनों की मौत हो गई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »