पुणे में क्रेडिट कार्ड बकाया वसूली के नाम पर एक व्यक्ति की सरेआम पिटाई करने के मामले में पुलिस ने तीन रिकवरी एजेंटों को गिरफ्तार किया है. यह घटना सोमवार को हडपसर इलाके में हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
वायरल वीडियो में देखा गया कि तीन लोग 35 वर्षीय एक व्यक्ति को सड़क पर बेरहमी से पीट रहे हैं, जबकि उसके साथ मौजूद एक महिला उन्हें रोकने की कोशिश कर रही है. इस घटना ने लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया.
रिकवरी एजेंट की गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जय कासर, विनीत कासर और तनिष्क खुडे के रूप में हुई है. ये तीनों एक निजी वित्तीय संस्था के लिए रिकवरी एजेंट के तौर पर काम करते थे.
हडपसर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय मोगले ने बताया कि पीड़ित की पहचान संदीप जमादार के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं.
बकाया रकम नहीं देने पर मिली थी धमकी
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने संदीप से उसके वास्तविक बकाया से अधिक रकम मांगी थी. साथ ही यह भी धमकी दी थी कि अगर अतिरिक्त पैसा नहीं दिया गया तो उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया जाएगा.
जब संदीप ने अतिरिक्त राशि देने से इनकार कर दिया, तो सोमवार को एक चौराहे पर तीनों आरोपियों ने उसे रोक लिया और उसकी पिटाई कर दी.
पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308 (जबरन वसूली) और धारा 118 (हमला) के तहत मामला दर्ज किया है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
aajtak.in