महाराष्ट्र के नागपुर में एक पुलिसकर्मी की मौत ने सभी को झकझोर दिया. यहां प्रतापनगर थाने में तैनात शीलरत्न बेलेकर ने अंबाझरी तालाब में कूदकर आत्महत्या कर ली. आरोप है कि पत्नी के अफेयर, तलाक और संपत्ति को लेकर बेलेकर परेशान थे. फिलहाल इस केस की छानबीन की जा रही है.
जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय शीलरत्न बेलेकर प्रतापनगर पुलिस थाने में तैनात थे. आरोप है कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव से गुजर रहे थे. उनकी पत्नी का एक टीचर के साथ दो साल से अफेयर चल रहा था. जब शीलरत्न को इस बारे में पता चला, तो विवाद शुरू हो गया.
परिजनों के मुताबिक, शीलरत्न की पत्नी तलाक देने और प्रॉपर्टी अपने नाम करने का दबाव बना रही थी. मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी.
यह भी पढ़ें: डाइटिशियन पत्नी की हत्या के बाद पति ने संदूक में रखा शव, फिर सीमेंट डालकर गलाया... सूरत में पति की खौफनाक करतूत
लगातार तनाव से परेशान होकर शीलरत्न फरवरी में घर छोड़कर अपने भाई अजय बेलेकर के पास रहने लगे थे. 22 फरवरी को वह घर से निकले, लेकिन उसके बाद उनका कोई पता नहीं चला.
परिवार ने प्रतापनगर थाने में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. कई दिनों तक तलाश जारी रही. 24 अप्रैल को नागपुर के अंबाझरी तालाब से उनका शव बरामद हुआ.
शुरुआत में पुलिस ने आकस्मिक मौत का केस दर्ज किया था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर चौंकाने वाली बातें सामने आईं. जांच में पता चला कि शीलरत्न अपनी पत्नी और पत्नी के प्रेमी की प्रताड़ना से परेशान थे.
पुलिस ने शीलरत्न की पत्नी और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
योगेश पांडे