महाराष्ट्र के नागपुर शहर में देर रात पुलिस ने अवैध रूप से चल रहे हुक्का पार्लरों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कैफे में छापेमारी की. अंबाझरी थाना पुलिस की इस कार्रवाई में कई युवक और युवतियां हुक्के और नशे का सेवन करते पकड़े गए. पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में हुक्का सामग्री, फ्लेवरयुक्त तंबाकू और अन्य सामान जब्त किया है.
पुलिस ने सोरो कैफे, नींबस लाउंज और हैश कैफे में एक साथ छापा मारा. जांच में सामने आया कि इन कैफे में ग्राहकों को अवैध तरीके से हुक्का और नशे से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही थी. कार्रवाई के दौरान कैफे संचालकों, कर्मचारियों और ग्राहकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, सोरो कैफे का संचालन आरोपी ज्ञानेश्वर गणपति योनिकर कर रहा था. यहां छह वेटरों की मदद से ग्राहकों को हुक्का परोसा जा रहा था. छापेमारी के दौरान 17 पुरुष और पांच महिला ग्राहक नशा करते मिले. पुलिस ने इस मामले में कुल 29 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 1 लाख 16 हजार रुपये की हुक्का सामग्री, फ्लेवर तंबाकू और अन्य सामान जब्त किया.
इसी तरह अंबाझरी थाना क्षेत्र के एन.बी. रोड स्थित लक्ष्मी अपार्टमेंट में संचालित नींबस लाउंज पर भी पुलिस ने दबिश दी. यहां आरोपी शेख समीर वकील अहमद अपने कर्मचारियों की मदद से ग्राहकों को नशा उपलब्ध करा रहा था. पुलिस ने मौके से 23 पुरुष और तीन महिला ग्राहकों को पकड़ा. जांच में यह भी सामने आया कि पकड़े गए कुछ युवक-युवतियां संभ्रांत परिवारों से ताल्लुक रखते हैं. इनमें कुछ छात्र थे, जबकि कुछ का आपराधिक गतिविधियों से भी संबंध बताया जा रहा है.
वहीं, उसी परिसर में संचालित हैश कैफे पर भी पुलिस ने कार्रवाई की. कैफे संचालक अरसलान फहीम मिर्जा अपने एक वेटर के साथ मिलकर ग्राहकों को विभिन्न फ्लेवर वाला हुक्का उपलब्ध करा रहा था. यहां से नौ पुरुष और चार महिला ग्राहकों को पकड़ा गया. पुलिस ने कुल 15 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए करीब 40 हजार रुपये की हुक्का सामग्री जब्त की.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तीनों कैफे बाहर से बंद रखे जाते थे और ग्राहकों को पिछले या वैकल्पिक रास्तों से अंदर प्रवेश दिया जाता था, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने संचालकों, कर्मचारियों और ग्राहकों समेत 100 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
योगेश पांडे