महाराष्ट्र के कल्याण के मलंग रोड स्थित नीलकंठ सोसाइटी में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. यहां एक युवक की हत्या के बाद उसका शव बोरे में भरकर बाथरूम में छिपा दिया गया. पुलिस को आशंका है कि आरोपी महिला ने शव को जल्दी सड़ाने और सबूत मिटाने के लिए बाथरूम का नल लगातार खुला छोड़ दिया था. मामले का खुलासा तब हुआ, जब फ्लैट से तेज दुर्गंध आने लगी और बाद में मकान मालिक को आरोपी महिला का एक वॉइस मैसेज मिला.
बदबू से सोसाइटी के लोग भी हो गए थे हैरान
मामले में मानपाड़ा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी महिला की तलाश तेज कर दी है. पुलिस की एक टीम कोलकाता रवाना हो चुकी है. दरअसल मलंग रोड स्थित नीलकंठ सोसाइटी के एक फ्लैट से पिछले दो-तीन दिनों से तेज बदबू आ रही थी. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना मानपाड़ा पुलिस को दी. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो फ्लैट बाहर से बंद था. दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर बाथरूम में एक बोरा मिला.
बोरा खोलने पर उसके अंदर एक युवक का सड़ा-गला शव बरामद हुआ. सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि महिला का नाम हसीबा है और मृतक का नाम हमीदुल्ला इस्लाम (37) हैं. युवक की हत्या धारदार हथियार से की गई.
पुलिस को शक महिला ने शव सड़ाने के लिए किया ऐसा
इसके बाद शव को बोरे में भरकर बाथरूम में रखा गया. पुलिस को शक है कि आरोपी महिला ने बाथरूम का नल जानबूझकर खुला छोड़ दिया था, ताकि रोज आने वाले पानी से शव जल्दी सड़ जाए और खून समेत अन्य अहम सबूत नष्ट हो जाएं. पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की फॉरेंसिक जांच करा रही है.
जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली जानकारी भी सामने आई है. पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी महिला कोलकाता फरार हो गई, जाने से पहले उसने मकान मालिक को एक वॉइस मैसेज भेजा, जिसमें बाथरूम में शव होने और नल चालू होने की जानकारी दी. वॉइस मैसेज मिलने के बाद मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मानपाड़ा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम कोलकाता रवाना कर दी है.
मिथिलेश गुप्ता