‘सूखे के संकट से किसानों की दिवाली खराब नहीं होने देंगे’, PM मोदी से मुलाकात कर बोले शिंदे

महाराष्ट्र में गंभीर सूखे के बीच उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. बैठक में पानी, खेती और पशुओं के चारे की स्थिति पर चर्चा हुई. प्रधानमंत्री ने केंद्र के सहयोग का भरोसा दिया. शिंदे ने कहा कि किसानों को संकट से उबारने के लिए सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी.

Advertisement
PM मोदी से मिलकर एकनाथ शिंदे को मिला किसानों की मदद का आश्वासन (Photo- X/Eknath Shinde) PM मोदी से मिलकर एकनाथ शिंदे को मिला किसानों की मदद का आश्वासन (Photo- X/Eknath Shinde)

मुस्तफा शेख

  • मुंबई,
  • 05 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:07 PM IST

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में मुलाकात की. करीब एक घंटे चली इस बैठक में महाराष्ट्र में गंभीर सूखे की स्थिति और किसानों के सामने पैदा हुई चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई.

शिंदे के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र में पानी की उपलब्धता, खेती की स्थिति और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था की जानकारी ली. प्रधानमंत्री ने राज्य को केंद्र की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया. शिंदे ने कहा कि संकट की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र को केंद्र से पर्याप्त सहायता मिलने की उम्मीद है.

Advertisement

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा समय में किसानों को हर साल कुल 12 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है. इसमें 6 हजार रुपये केंद्र की शेतकरी सम्मान योजना के तहत और 6 हजार रुपये महाराष्ट्र की नमो शेतकरी योजना के तहत दिए जाते हैं.

शिंदे ने पिछले साल भारी बारिश के दौरान किसानों को दी गई सरकारी मदद का जिक्र करते हुए कहा कि जब किसान मुश्किल में हैं, तब सरकार सहायता देने में पीछे नहीं हटेगी. उन्होंने कहा, “सरकारी खजाने पर किसानों का पहला अधिकार है. जब किसान संकट में होंगे, तब सरकार सहायता देने में कोई कमी नहीं रखेगी.” उन्होंने भरोसा जताया कि किसानों की दिवाली सूखे के संकट से प्रभावित नहीं होने दी जाएगी और सरकार उनकी मदद के लिए हरसंभव कदम उठाएगी.

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में ब्रेकफास्ट मीटिंग में अमित शाह से मिले एकनाथ शिंदे, 30 मिनट चली बैठक

Advertisement

विधान परिषद चुनाव पर क्या बोले शिंदे?
विधान परिषद चुनाव को लेकर शिंदे ने बताया कि महायुति समन्वय समिति की बैठक में पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मंगेश चिवटे की उम्मीदवारी पर चर्चा हुई है. पार्टी की ओर से उन्हें एबी फॉर्म जारी कर दिया गया है और चिवटे मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे.

महाराष्ट्र में मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एनडीए के प्रमुख नेता हैं और उचित समय पर इस संबंध में फैसला लिया जाएगा.

उद्धव पर साधा निशाना

एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे गुट पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता द्वारा खारिज किए गए लोग अब दूसरों को “दफनाने” की बात कर रहे हैं. भारतीय पायलट स्मित मछार का जिक्र करते हुए शिंदे ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को अपनी प्रेरणा बताया और संकट के समय हनुमान चालीसा का पाठ किया. शिंदे ने आरोप लगाया कि विपक्ष के कुछ नेताओं ने पहले हनुमान चालीसा का पाठ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की थी.

शिंदे ने हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट को निशाना बनाए जाने की कोशिशों की भी आलोचना की. उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान देने वालों को याद रखना चाहिए कि उन्हें भी जनता ने चुनकर नहीं भेजा है. उन्होंने कहा, “शीशे के घरों में रहने वालों को दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं फेंकने चाहिए.”
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »