दिल्ली में शिंदे का 'पावर प्ले'! अमित शाह के साथ हाई-प्रोफाइल बैठक से बदलेंगे NDA के समीकरण?

एकनाथ शिंदे ने अपने सांसद बेटे श्रीकांत शिंदे और 13 बागी सांसदों के साथ दिल्ली का दौरा किया, जहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. एक घंटे से अधिक समय तक चली इस हाई-प्रोफाइल बैठक ने NDA के भीतर बदलते राजनीतिक समीकरणों के साफ संकेत दे दिए हैं.

Advertisement
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने अमित शाह से की मुलाकात (File Photo- ITG) महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने अमित शाह से की मुलाकात (File Photo- ITG)

ऋत्विक भालेकर

  • मुंबई,
  • 15 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:39 PM IST

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल रहा है. सूबे के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपने सांसद बेटे श्रीकांत शिंदे और 13 बागी सांसदों के साथ दिल्ली का दौरा किया, जहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. अमित शाह के आधिकारिक आवास पर एक घंटे से अधिक समय तक चली इस हाई-प्रोफाइल बैठक ने NDA के भीतर बदलते राजनीतिक समीकरणों के साफ संकेत दे दिए हैं.

Advertisement

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह ने शिंदे गुट के सभी सांसदों को विकास परियोजनाओं के लिए पूर्ण वित्तीय सहायता का भरोसा दिया है. उन्होंने नेताओं से आत्मविश्वास बनाए रखने को कहा और आश्वासन दिया कि राज्य के सभी बड़े मुद्दों को आगामी केंद्रीय कैबिनेट की बैठकों में जल्द ही मंजूरी दे दी जाएगी.

सूत्रों ने यह भी बताया कि इस बैठक की सबसे बड़ी बात यह रही कि डॉ. श्रीकांत शिंदे को इन सांसदों और केंद्र सरकार के बीच समन्वय की एक बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. अमित शाह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी सांसद अपनी समस्याओं और चिंताओं को श्रीकांत शिंदे के जरिए ही केंद्र तक पहुंचाएं, ताकि उनका तेजी से निवारण हो सके. 

बैठक के दौरान एकनाथ शिंदे और अमित शाह के बीच करीब 15 मिनट तक बंद कमरे में अलग से बातचीत भी हुई. हालांकि इस बातचीत का आधिकारिक ब्योरा सामने नहीं आया है, लेकिन इसे भविष्य की राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है.

Advertisement

शिंदे गुट को मिलेंगे दो मंत्री पद?

राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, उद्धव ठाकरे गुट से छह सांसदों के शिंदे खेमे में आने के बाद लोकसभा में उनके गुट की ताकत बढ़कर 13 सांसदों तक पहुंच गई है. इससे एनडीए के भीतर एकनाथ शिंदे की राजनीतिक अहमियत और सौदेबाजी की क्षमता पहले की तुलना में काफी मजबूत मानी जा रही है.

इसी बीच केंद्रीय मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं. सूत्रों के मुताबिक, शिंदे गुट को दो मंत्री पद मिल सकते हैं. इनमें डॉ. श्रीकांत शिंदे का केंद्रीय कैबिनेट मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है, जबकि संजय बांदू जाधव को केंद्रीय राज्य मंत्री बनाए जाने की चर्चा है.

उद्धव ठाकरे गुट के लिए बड़ा झटका?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि ऐसा होता है तो यह उद्धव ठाकरे गुट के लिए बड़ा राजनीतिक झटका होगा. केंद्र का खुला समर्थन मिलने से एकनाथ शिंदे की राष्ट्रीय राजनीति में पकड़ और मजबूत होगी, वहीं महाराष्ट्र की राजनीति में भी उनका प्रभाव बढ़ने की संभावना है. हालांकि, इन संभावित मंत्री पदों और राजनीतिक रणनीति को लेकर अभी तक केंद्र सरकार या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »