सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का दिल जीतने वाला एक प्रपोजल वीडियो अब विवाद का विषय बन गया है. नासिक में पासिंग आउट परेड के बाद अपनी मंगेतर को प्रपोज करने वाले सेना के अधिकारी कैप्टन भारत भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है. सूत्रों के अनुसार सैन्य अधिकारियों ने इस घटना को प्रोटोकॉल और सैन्य मर्यादा के उल्लंघन के रूप में देखा है. बताया जा रहा है कि कैप्टन भारत भारद्वाज को शो-कॉज नोटिस जारी किया जा सकता है. अधिकारियों का मानना है कि जिस मंच और माहौल में यह घटना हुई, वहां सैन्य नियमों और अनुशासन का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता होती है.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद कैप्टन भारत अपनी मंगेतर आरुषि को एक हेलीकॉप्टर के सामने लेकर आते हैं. वहां मौजूद लोगों को शुरुआत में अंदाजा नहीं होता कि आगे क्या होने वाला है. कुछ ही क्षण बाद कैप्टन भारत घुटनों के बल बैठ जाते हैं और अपनी जेब से अंगूठी निकालते हैं. इसके बाद वह आरुषि का हाथ पकड़कर उन्हें शादी के लिए प्रपोज करते हैं.
अचानक हुए इस सरप्राइज से आरुषि भी हैरान नजर आती हैं. बाद में वह मुस्कुराते हुए प्रपोजल स्वीकार कर लेती हैं. इसके बाद दोनों एक-दूसरे को गले लगाते हैं. मौके पर मौजूद साथी अधिकारी, दोस्त और परिवार के सदस्य इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते दिखाई देते हैं.
सेना के अधिकारियों ने प्रोटोकॉल उल्लंघन का मामला माना
यह घटना महाराष्ट्र के नासिक स्थित कॉम्बैट आर्मी एविएशन प्रशिक्षण स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम की बताई जा रही है. यहां कैप्टन भारत भारद्वाज ने सेना के लड़ाकू विमान पायलट के रूप में अपनी कठिन ट्रेनिंग पूरी की थी. ट्रेनिंग पूरी होने के बाद एक विशेष समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें उनके परिवार, दोस्त और साथी अधिकारी भी शामिल हुए थे.
जानकारी के अनुसार कैप्टन भारत ने पहले से ही अपनी मंगेतर आरुषि को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया था. उन्होंने इस खास दिन को यादगार बनाने के लिए पूरी योजना तैयार कर रखी थी. हालांकि सोशल मीडिया पर रोमांटिक और भावुक प्रतिक्रिया पाने वाला यह वीडियो अब सैन्य नियमों के संदर्भ में चर्चा का विषय बन गया है.
जिस पल पर मिली थी वाहवाही, वही अब जांच के दायरे में
सूत्रों के मुताबिक संबंधित अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. उनका मानना है कि सैन्य प्रतिष्ठानों और आधिकारिक समारोहों के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल और सैन्य मर्यादा का पालन आवश्यक होता है. इसी वजह से अब कैप्टन भारत भारद्वाज के खिलाफ आगे की कार्रवाई और संभावित शो-कॉज नोटिस को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
शिवानी शर्मा