महाराष्ट्र के जलगांव शहर में इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी अब पुलिस केस में बदल गई है. शनिपेठ पुलिस ने एक बांग्लादेशी युवती को अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसे पनाह देने वाले युवक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है. गिरफ्तार की गई युवती की पहचान 20 वर्षीय कोनिका रानी शामलचंद्र राय के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, वह बिना किसी वैध पासपोर्ट और वीजा के भारत में दाखिल हुई थी और जलगांव शहर में रह रही थी.
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि जोशी पेठ इलाके के भोई गली में एक विदेशी महिला बिना परमिट के रह रही है. सूचना के आधार पर शनिपेठ पुलिस ने इलाके में छापा मारा. जांच के दौरान वहां मौजूद युवती की पहचान बांग्लादेश निवासी कोनिका रानी के रूप में हुई.
अवैध तरीके से रह रही थी बांग्लादेशी युवती
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कोनिका रानी की मुलाकात जलगांव के रहने वाले सुनार चिन्मय जगन्नाथ वाला से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई. इसके बाद कोनिका कथित तौर पर शादी करने के लिए बांग्लादेश से भारत आ गई. जांच में यह भी सामने आया कि युवती गैर-कानूनी तरीके से बॉर्डर पार कर भारत पहुंची थी. उसके पास भारत में रहने के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले. पुलिस ने इस मामले में इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट 2025 के तहत केस दर्ज किया है.
पुलिस ने कोनिका रानी के साथ-साथ चिन्मय जगन्नाथ वाला के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है. आरोप है कि उसने युवती को अपने यहां पनाह दी थी. हालांकि पूछताछ के दौरान कोनिका और चिन्मय दोनों ने दावा किया कि वे शादीशुदा हैं. लेकिन पुलिस को अब तक शादी से जुड़े कोई दस्तावेज या सबूत नहीं मिले हैं। इसी वजह से पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.
पुलिस ने युवती को गिरफ्तार किया
इस मामले की जांच असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर साजिद मंसूरी कर रहे हैं. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती भारत में किस रास्ते से दाखिल हुई और उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे. फिलहाल इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है. सोशल मीडिया पर शुरू हुई यह कहानी अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गई है.
मनीष शांताराम जोग