झारखंड के रांची में एक रेस्टोरेंट कर्मचारी की हत्या के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इन पर रंगदारी मांगने को लेकर हत्या में शामिल होने का आरोप है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को सोमवार को धनबाद के केंदुआडीह के पास पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया.
अधिकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से दो के पैरों में गोली लगी है और उनका एक अस्पताल में इलाज चल रहा है. रांची के नगर पुलिस अधीक्षक (SP) पारस राणा ने कहा कि हमने दो गिरोहों के चार गुर्गों को गिरफ्तार किया है, जो बिरसा मुंडा हवाई अड्डे के पास एक रेस्टोरेंट में रंगदारी मांगने के लिए हुई गोलीबारी की घटना में शामिल थे.
यह भी पढ़ें: शक, गुस्सा और कत्ल… मासूम बच्चों के सामने खून! दिल दहला देगी वडोदरा मर्डर केस की खौफनाक कहानी
यह घटना 7 मार्च को हुई थी और जिस रेस्टोरेंट कर्मचारी की गोली मारकर हत्या की गई थी, उसकी पहचान मनीष गोपे के रूप में हुई है. रेस्टोरेंट कर्मचारी की हत्या के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे. SP ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने भागाबांध इलाके में छापा मारा और उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस अधिकारी ने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने गोपे पर तब हमला किया, जब रेस्टोरेंट के मालिक ने गैंगस्टर प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा के निर्देश पर पैसे देने से इनकार कर दिया. खान फिलहाल UAE से अपने गुर्गों को चला रहा है, जबकि सिन्हा, जो 'कोयलांचल शांति सेना' गिरोह चलाता है, जेल में बंद है.
aajtak.in