रांची में गोलगप्पे और झालमुड़ी से सजेगा दुर्गा पूजा पंडाल, ऐसी थीम पहले नहीं देखी होगी, स्वाद के साथ मां के दर्शन का अनोखा संगम

रांची में इस बार दुर्गा पूजा पर गोलगप्पे और झालमुड़ी की थीम पर बना पंडाल आकर्षण का केंद्र होगा. शुक्ला कॉलोनी, हिनू में तैयार हो रहे इस पंडाल को खास अंदाज में सजाया जा रहा है. आयोजकों को उम्मीद है कि अनोखी थीम बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को अपनी ओर खींचेगी. बंगाल की खाद्य संस्कृति और दुर्गा पूजा की परंपरा भी इसमें नजर आएगी.

Advertisement
रांची के दुर्गा पूजा पंडाल में दिखेगा जिंदगी का स्वाद. (Photo: ITG) रांची के दुर्गा पूजा पंडाल में दिखेगा जिंदगी का स्वाद. (Photo: ITG)

सत्यजीत कुमार

  • रांची ,
  • 13 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 4:15 PM IST

रांची में दुर्गा पूजा के दौरान हर साल आकर्षक पंडाल बनाए जाते हैं. इस बार पूजा समिति ने कुछ अलग करने का फैसला किया है. मां दुर्गा के दर्शन के लिए आने वाले लोगों को इस बार गोलगप्पे और झालमुड़ी की थीम पर सजा पंडाल देखने को मिलेगा. पंडाल के अंदर गोलगप्पों से की गई सजावट खास आकर्षण होगी. आयोजकों का मानना है कि यह अनोखा कॉन्सेप्ट लोगों को पसंद आएगा. गोलगप्पे और झालमुड़ी केवल खाने-पीने की चीजें नहीं हैं, बल्कि इनसे जिंदगी के अनुभवों को भी जोड़ा जा रहा है. जीवन में कभी खट्टे तो कभी मीठे अनुभव आते हैं. गोलगप्पे का स्वाद भी कुछ ऐसा ही एहसास कराता है. वहीं, झालमुड़ी अपने तीखे और चटपटे स्वाद के लिए जानी जाती है. इस तरह पंडाल की थीम स्वाद के साथ जीवन के अलग-अलग रंगों को भी सामने रखती है.

Advertisement

आयोजन समिति के आयोजक कुंदन सिंह के मुताबिक, शुक्ला कॉलोनी, हिनू में कमिटी की बैठक हुई थी. इसमें चर्चा की गई कि जगह बदलने के बाद पंडाल में ऐसा क्या किया जाए, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने. इसी विचार के बाद गोलगप्पे और झालमुड़ी की थीम पर पंडाल सजाने का फैसला लिया गया. इसे तैयार करने और सजाने में बंगाल के कारीगर भी जुटे हैं.

बंगाल की झालमुड़ी और दुर्गा पूजा का खास कनेक्शन

झालमुड़ी बंगाल के लोकप्रिय खाद्य पदार्थों में शामिल है. हाल के दिनों में बंगाल चुनाव के दौरान भी झालमुड़ी चर्चा में रही थी. रांची की दुर्गा पूजा में बंगाल की संस्कृति और परंपराओं की झलक पहले से देखने को मिलती रही है. इस बार झालमुड़ी और गोलगप्पे की थीम के जरिए इस जुड़ाव को एक नया रूप देने की कोशिश की गई है.

Advertisement

बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को पसंद आने की उम्मीद

आयोजन समिति के सदस्य शंभू को उम्मीद है कि इस बार का पंडाल दर्शनार्थियों को पसंद आएगा. गोलगप्पे और झालमुड़ी की थीम हर उम्र के लोगों के लिए दिलचस्प हो सकती है. समिति को भरोसा है कि अनोखी सजावट लोगों को मां दुर्गा के दर्शन के साथ पंडाल देखने के लिए भी आकर्षित करेगी. रांची में दुर्गा पूजा भव्य आयोजन और आकर्षक पंडालों के लिए जानी जाती है. इस बार गोलगप्पे और झालमुड़ी की अनोखी थीम ने उत्सुकता बढ़ा दी है. अब देखना होगा कि स्वाद और संस्कृति का यह मेल दर्शनार्थियों को कितना पसंद आता है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »