झारखंड के धनबाद से दूल्हा और दुल्हन की पिटाई का मामला आया है. यह घटना जिले के लुबी सर्कुलर रोड पर मौजूद मैरिज होम पर हुई. यहां रिंग सेरेमनी के दौरान कुछ बदमाश युवक हॉकी, लाठी और डंडे लेकर आए और तोड़फोड़ शुरू कर दी.
इतना ही नहीं मौके पर मौजूद लोगों के साथ दूल्हा और दुल्हन से भी मारपीट की गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दो युवकों को अपने साथ ले गई. मारपीट की यह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
रिंग सेरेमनी में दूल्हा और दुल्हन के साथ मारपीट
दुल्हन के रिश्तेदार संजय दास ने बताया कि दूल्हा रोहित बोकारो जैना मोड़ का रहने वाला है और दुल्हन किशु सदर थाना क्षेत्र के बरटांड़ आंबेडकर नगर की रहने वाली है. दोनों की रिंग सेरेमनी का कार्यकर्म था दूल्हा और दुल्हन का गोल्फ ग्राउंड पार्क में फोटो शूट चल रहा था तभी वहां बैठे कुछ लड़कों ने कमेंटबाजी शुरू कर दी.
जब उन्हें ऐसा करने पर रोका गया तो वो कुछ देर बाद मैरिज हॉल में लाठी, डंडे और हॉकी स्टिक के साथ मैरिज हॉल में पहुंचे और मारपीट और तोड़फोड़ शुरू कर दी. इस हंगामे को लेकर लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी.
पुलिस ने दो बदमाशों को किया गिरफ्तार
वहीं वर और वधु पक्ष के परिजनों ने स्थानीय थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है. इस मामले पर थाना प्रभारी चितरंजन सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दो लड़कों को पकड़कर थाने ले आई. मामले की जांच चल रही है, उसी के हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी. मैरिज हॉल में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है.
सिथुन मोदक