झारखंड के हजारीबाग में खाई में गिरा ट्रक, चालक समेत दो लोगों की मौत

हजारीबाग और चतरा जिलों में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई. हजारीबाग में एक ट्रक एनएच-2 पर खाई में गिर गया, जिससे चालक और खलासी की जान चली गई. वहीं चतरा जिले में सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक ग्रेडर मशीन ने बाइक सवार को कुचल दिया. घटना के बाद नाराज लोगों ने चालक की पिटाई कर दी.

Advertisement
सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत. (Photo: Representational  सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत. (Photo: Representational 

aajtak.in

  • हजारीबाग,
  • 10 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:30 PM IST

झारखंड के हजारीबाग और चतरा में मंगलवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई. इन घटनाओं के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पहली घटना हजारीबाग जिले में हुई, जहां एक ट्रक सड़क किनारे खाई में गिर गया. पुलिस के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 8:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर दनुआ-भनुआ घाटी में हुआ, जो चौपारण पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आता है.

Advertisement

हादसे में ट्रक के चालक पंकज कुमार (35) और उसके सहायक सतीश कुमार (20) की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि ट्रक बोकारो से लोहे की सरिया लोड कर बिहार की ओर जा रहा था. इसी दौरान घाटी क्षेत्र में संतुलन बिगड़ने से ट्रक सड़क किनारे खाई में गिर गया.

सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया. हालांकि दोनों को बचाया नहीं जा सका और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

ग्रेडर मशीन ने मोटरसाइकिल सवार को कुचला

वहीं दूसरी घटना चतरा जिले में सामने आई. यहां सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक ग्रेडर मशीन ने मोटरसाइकिल सवार को कुचल दिया. यह हादसा प्रतापपुर थाना क्षेत्र के अनंतपुर रोड पर हुआ.

Advertisement

मृतक की पहचान शंकर यादव के रूप में हुई है, जो बिहार के गया जिले के इमामगंज का रहने वाला था. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में गुस्सा फैल गया और आक्रोशित भीड़ ने मशीन चालक की पिटाई कर दी.

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों घटनाओं के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement