ऊना में मानवता को शर्मसार करने वाला एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें महज अमरूद तोड़ने के कारण एक छोटी बच्ची को बांधकर पीटा गया.
दरअसल, पीड़ित बच्ची एक प्रवासी परिवार की बेटी है और उसका अपराध बस इतना था कि उसने एक रिटायर्ड फौजी के घर के बाहर पेड़ से अमरूद तोड़े थे. लेकिन उसकी यही मासूमियत भरी चोरी ही फौजी को इतना बड़ा अपराध लगा कि उसने पीड़िता को घर के अंदर सीढ़ियों से बांधकर पीटा.
बंधक बनाकर दी गई प्रताड़ना
इस दौरान मर्चेंट नेवी में काम करने वाले एक स्थानीय युवक ने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पीड़ित बच्ची रोती बिलखती हुई उस स्थानीय युवक से अंकल मुझे बचा लो की गुहार लगा रही है लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा.
वहीं, आरोपी रिटायर्ड फौजी भी साफ कहता हुआ दिखाई दे रहा है कि ''इसने हमारे अमरूद चुराए हैं.'' देखें VIDEO:-
चश्मदीद ने दिखाई बहादुरी
वीडियो रिकॉर्ड करने वाले स्थानीय युवक ने पूछा भी कि ''अमरूद चुराए तो ऐसे मारोगे?'' दिल दहला देने वाली इस घटना के बारे में स्थानीय युवक ने बताया कि उसने ही इस मामले की चाइल्ड हेल्प लाइन और पुलिस को इस घटना की सूचना दी. हालांकि, शिकायतकर्ता के अनुसार बाद में आरोपी ने पीड़ित परिवार और शिकायतकर्ता से माफी मांगी और अपनी गलती स्वीकार की.
पुलिस की कार्रवाई
DSP संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस ने भी इस अमानवीय घटना पर संज्ञान लेकर आरोपी रिटायर्ड फौज से पूछताछ की. पुलिस ने पीड़िता के परिवार के बयान दर्ज पीड़ित बच्ची का मेडिकल करवाया. जबकि आरोपी रिटायर्ड फौजी के खिलाफ जुवेनाइल एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
(रिपोर्ट: संदीप खडवाल)
aajtak.in