हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक 19 साल की छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई. घटना सरकाघाट थाना क्षेत्र के गोपालपुर इलाके की है, जहां मंगलवार सुबह करीब 9:15 बजे कॉलेज जा रही युवती पर अज्ञात हमलावरों ने बीच सड़क हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने छात्रा का गला काटकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए.
इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सरकाघाट थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस हत्याकांड को दो बाइक सवार युवकों द्वारा अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा.
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार भी मौके के लिए रवाना हो गए. उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के निर्देश दिए हैं. पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.
इस बीच, घटना के बाद इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है. लोग दिनदहाड़े हुई इस वारदात से सहमे हुए हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
सनी धर्मवीर