राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर सख्त हो गई है. गुरुग्राम पुलिस ने चार जून को इस बात का ऐलान किया था कि बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें उनके देश वापस भेजने के लिए मेगा सर्च ऑपरेशन शुरू करने का ऐलान किया था. गुरुग्राम पुलिस का यह मेगा सर्च ऑपरेशन अब शुरू हो गया है.
गुरुग्राम पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक शहर में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान के लिए खास ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है. इस ऑपरेशन के दौरान जिन बांग्लादेशी नागरिकों के पास वैध दस्तावेज नहीं पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. गुरुग्राम पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक बयान भी जारी किया है.
गुरुग्राम पुलिस की ओर से जारी बयान में यह कहा गया है कि सोमवार की रात विशेष अभियान चलाकर सत्यापन किया गया. डीसीपी (ईस्ट) संदीप की अगुवाई में लोगों के दस्तावेज, उनकी पहचान का सत्यापन किया गया. यह सर्च ऑपरेशन झुग्गी बस्तियों, कॉलोनियों, किराये के मकान, औद्योगिक क्षेत्र और होटल में चलाया गया.
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में लग्जरी फ्लैट, BMW कार... फिर भी 'गरीब', डॉक्टर ने बताया क्या है 'आधुनिक गरीबी'
गुरुग्राम पुलिस ने कहा है कि शहर के अलग-अलग इलाकों में गहन जांच के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है. गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने आम लोगों से भी यह अपील की है कि किरायेदार, घरेलू सहायक, कर्मचारी, होटल या व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले लोगों को रखने से पहले पुलिस सत्यापन जरूर कराएं.
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में अवैध बांग्लादेशियों के खिलाफ बड़ा अभियान, झुग्गियों से सोसायटियों तक जांच
गुरुग्राम पुलिस ने आम नागरिकों के साथ ही रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) से भी इस अभियान में पूरा सहयोग करने की अपील की है. गुरुग्राम पुलिस ने कहा है कि इस ऑपरेशन के दौरान जनता की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा. राष्ट्रीय सुरक्षा और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह अभियान जारी रहेगा. गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने यह भी कहा है कि वैध तरीके से रह रहे विदेशी नागरिकों को इस ऑपरेशन से चिंतित होने की जरूरत नहीं है.
aajtak.in