हरियाणा के रेवाड़ी में सेना से रिटायर्ड एक सूबेदार के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में जोरदार धमाका हुआ है. हंस नगर इलाके में हुए इस ब्लास्ट में एक CRPF जवान और दो साल की बच्ची समेत परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं.
आर्मी से रिटायर्ड सूबेदार सतबीर के घर पर हुआ धमाका इतना जोरदार था कि इसकी गूंज से पूरा मोहल्ला दहल उठा. धमाके की आवाज सुनते ही पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग डरकर अपने घरों से बाहर की तरफ भागने लगे.
फिलहाल धमाके में घायल हुए सभी लोगों को फर्स्ड ऐड देने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. घायलों में से एक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.
दरवाजे-खिड़कियों के शीशे चकनाचूर
ब्लास्ट इतना खतरनाक था कि मकान की दीवारें और दरवाजों ती चौखट पूरी तरह टूट गए. घर की खिड़कियों और दरवाजों के शीशे चकनाचूर होकर दूर-दूर तक बिखर गए. धमाके की वजह से घर का भारी मेन गेट भी उखड़कर बाहर जा गिरा और लोहे की एंगल तक मुड़ गईं. इसके अलावा घर पर लगा तिरपाल उड़कर पड़ोसी की दीवार पर जा चिपका.
हादसे के वक्त घर में रिटायर्ड सूबेदार सतबीर की पत्नी मधु, बेटी तनु, रिश्तेदार की 2 साल की बच्ची खुशी, उनके पड़ोसी और CRPF जवान जय भगवान मौजूद थे. ये सभी लोग इस ब्लास्ट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए.
नवंबर में होनी थी बेटी तनु की शादी
इस हादसे में सूबेदार सतबीर की बेटी तनु भी गंभीर रूप से घायल हुई है और उसकी हालत सबसे ज्यादा नाजुक बताई जा रही है. परिजनों के मुताबिक, इसी साल नवंबर महीने में तनु की शादी होनी तय हुई थी. घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस अचानक हुए हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया है.
यह भी पढ़ें: ईरान की धमकी के बाद बड़ा धमाका! होर्मुज में जहाजों की निकासी पर रोक... UN की मैरीटाइम एजेंसी ने खींचे हाथ
ब्लास्ट का कारण बना रहस्य
धमाका किस वजह से हुआ, इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. घटना की सूचना मिलते ही रेवाड़ी पुलिस और FSL की फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स टीम तुरंत मौके पर पहुंची. सुरक्षा के लिहाज से टीम ने घटनास्थल को पूरी तरह सील कर दिया है. फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत और सैंपल जमा किए हैं ताकि ये साफ हो सके कि ब्लास्ट गैस सिलेंडर लीकेज की वजह से हुआ या इसके पीछे कोई और कारण था.
देशराज सिंह चौहान