झील में डूबने की सुनाई कहानी, पहाड़ पर मिला शव... 19 साल के राजकुमार की मौत का खुलासा

फरीदाबाद के सिरोही में 19 वर्षीय राजकुमार की मौत के मामले में पुलिस ने उसके दोस्त मुफीद उर्फ मन्नू को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, रील बनाते समय मोबाइल फोन टूटने पर दोनों में विवाद हुआ था. आरोप है कि इसी दौरान मुफीद ने राजकुमार को पहाड़ से धक्का दे दिया. बाद में झील में डूबने की झूठी कहानी बताकर परिजनों को गुमराह किया.

Advertisement
झील में गिरने की बताई कहानी.(Photo: Screengrab) झील में गिरने की बताई कहानी.(Photo: Screengrab)

सचिन गौड़

  • फरीदाबाद,
  • 07 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:47 PM IST

फरीदाबाद के धौज थाना क्षेत्र के गांव सिरोही में 19 वर्षीय राजकुमार की मौत के मामले में पुलिस ने उसके दोस्त मुफीद उर्फ मन्नू को गिरफ्तार किया है. अपराध शाखा AVTS सिकरौना की टीम ने आरोपी को 6 अक्टूबर को पकड़ा. पुलिस के मुताबिक, रील बनाते समय मोबाइल फोन टूटने को लेकर दोनों में विवाद हुआ था.

आरोप है कि कहासुनी और हाथापाई के दौरान मुफीद ने राजकुमार को सिरोही पहाड़ से नीचे धक्का दे दिया. गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया है और उससे पूछताछ कर घटना की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'गैस कनेक्शन कट जाएगा...', बिल के नाम पर भेजा APK और खाली कर दिया खाता, फरीदाबाद में साइबर गैंग का खुलासा

पुलिस के अनुसार, गांव सिरोही निवासी गौरेलाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका बेटा राजकुमार 4 अक्टूबर की शाम अपने दोस्त मुफीद के पास गया था. काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की. परिजन मुफीद के घर पहुंचे और राजकुमार के बारे में जानकारी मांगी.

झील में गिरने की बताई कहानी, पहाड़ पर मिला शव

मुफीद ने परिजनों को बताया कि राजकुमार सेल्फी लेते समय सिरोही झील में गिर गया है. इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी. राजकुमार की झील में तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला.

अगले दिन 5 अक्टूबर की शाम राजकुमार का शव सिरोही पहाड़ पर पड़ा मिला. परिवार ने उसके मुंह और शरीर पर चोटों के निशान होने की बात कही. परिजनों ने मुफीद, उसके पिता जमशेद और अन्य लोगों पर राजकुमार को पहाड़ से धक्का देकर हत्या करने का आरोप लगाया.

Advertisement

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान अपराध शाखा AVTS सिकरौना की टीम ने 6 अक्टूबर को मुफीद उर्फ मन्नू को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी सहसोला पट्टी, गांव सिरोही का रहने वाला है.

मृतक की फाइल फोटो.

मोबाइल टूटने से शुरू हुआ विवाद, धक्का देने का आरोप

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि 4 अक्टूबर को मुफीद ने फोन करके राजकुमार को बुलाया था. इसके बाद दोनों रील बनाने के लिए सिरोही झील के पास पहुंचे थे. इसी दौरान रील बनाते समय राजकुमार का मोबाइल फोन गिरकर टूट गया.

मोबाइल टूटने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर हाथापाई हुई. एसीपी क्राइम अमन के अनुसार, इसी दौरान मुफीद ने राजकुमार को धक्का दे दिया, जिसके बाद वह पहाड़ से नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई.

घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया. बाद में जब राजकुमार के परिजनों ने उससे पूछताछ की तो उसने युवक के झील में डूबने की बात बताकर उन्हें गुमराह करने की कोशिश की. पुलिस अब आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »