झूठा हलफनामा देकर बनवाया नया पासपोर्ट, दुबई घूमकर लौटे दंपति गिरफ्तार

सूरत के डिंडोली में रहने वाले दंपति ने झूठा एफिडेविट देकर नया पासपोर्ट बनवाया और दुबई की यात्रा कर डाली. राजकोट में दर्ज केस के कारण पासपोर्ट कोर्ट में जमा था, फिर भी उन्होंने 'पासपोर्ट खो गया' बताकर नया बनवाया. शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है. नया पासपोर्ट जब्त कर जांच जारी है.

Advertisement
झूठे हलफनामे से खुला फर्जीवाड़े का राज.(Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG) झूठे हलफनामे से खुला फर्जीवाड़े का राज.(Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG)

संजय सिंह राठौर

  • सूरत,
  • 24 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:24 PM IST

गुजरात की आर्थिक राजधानी सूरत से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने कानून व्यवस्था के साथ पासपोर्ट सिस्टम पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. डिंडोली थाना क्षेत्र में रहने वाले एक दंपति ने अदालत की सख्त शर्तों को नजरअंदाज करते हुए सिस्टम को गुमराह कर विदेश यात्रा कर ली. दोनों ने पहले राजकोट में दर्ज मामलों के कारण अपना पासपोर्ट अदालत में जमा कराया था, लेकिन बाद में झूठा हलफनामा देकर नया पासपोर्ट बनवा लिया.

Advertisement

जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने डिंडोली थाने में एफिडेविट देकर दावा किया कि उनका पासपोर्ट गुम हो गया है. इसी आधार पर पुलिस से रिपोर्ट तैयार करवाई गई और उसे सूरत के रीजनल पासपोर्ट ऑफिस में जमा कराया गया. इस प्रक्रिया का फायदा उठाते हुए उन्होंने नया पासपोर्ट हासिल किया और उसी का इस्तेमाल कर दुबई की यात्रा भी कर डाली.

यह भी पढ़ें: 'भूतिया साइकिल' सूरत की सड़कों पर दौड़ी... बिना चालक AI तकनीक से चलती अनोखी सवारी ने सबको चौंकाया, Video

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब राजकोट में मामला दर्ज करवाने वाले एक पीड़ित को दंपति की विदेश यात्रा की जानकारी मिली. पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए अहम सबूत सौंपे, जिसके बाद राजकोट पुलिस ने सूरत डिंडोली पुलिस को सूचना दी और जांच शुरू हुई.

Advertisement

झूठे हलफनामे से खुला फर्जीवाड़े का राज

डिंडोली पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरफ्तार दंपति घनश्याम भाई वल्लभभाई पांभर और उनकी पत्नी अस्मिता घनश्याम भाई पांभर ने सुनियोजित तरीके से पासपोर्ट “खो जाने” का झूठा दावा किया था. पुलिस से सर्टिफिकेट लेने के बाद उन्होंने रीजनल पासपोर्ट ऑफिस से नया पासपोर्ट बनवाया और उसी के जरिए दुबई की यात्रा की.

जैसे ही इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ, डिंडोली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया. अदालत से दो दिन की रिमांड लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने उनके कब्जे से नया पासपोर्ट भी जब्त कर लिया है और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने दुबई के अलावा अन्य देशों की यात्रा तो नहीं की.

पुलिस इस मामले को केवल पासपोर्ट फर्जीवाड़ा नहीं मान रही, बल्कि इसे बड़े आपराधिक नेटवर्क से जोड़कर भी जांच कर रही है. जांच एजेंसियां हर एंगल से साक्ष्य जुटा रही हैं.

आपराधिक इतिहास और धोखाधड़ी के आरोप

जांच में घनश्याम पांभर का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है. उसके खिलाफ राजकोट, कामरेज और सूरत शहर के पुणा थाना सहित कुल पांच थानों में जमीन हड़पने, संपत्ति विवाद, बॉडी ऑफेंस और आर्थिक धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं. पत्नी अस्मिता के खिलाफ भी राजकोट में मामला दर्ज है.

Advertisement

पुलिस के अनुसार, घनश्याम ने राजकोट में “धनंजय फाइनेंस” नाम से ऑफिस खोलकर लोगों से निवेश के नाम पर पैसे लिए थे, लेकिन उन्हें वापस नहीं किया. पिछले 2–3 वर्षों से दंपति सूरत के मोटा वराछा इलाके में रहकर प्रॉपर्टी दलाली का काम कर रहे थे.

पुलिस को आशंका है कि इस मामले में और भी शिकायतें सामने आ सकती हैं. फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है.

कोर्ट की शर्तों की खुली अवहेलना

एसीपी नीरव सिंह गोहिल के अनुसार, 22 अप्रैल को डिंडोली पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता, पासपोर्ट एक्ट और इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. 2021 में राजकोट तालुका थाने में दर्ज केस में हाई कोर्ट से जमानत मिलने पर आरोपियों को देश छोड़ने से रोकते हुए पासपोर्ट जमा करने का आदेश दिया गया था.

इसके बावजूद आरोपियों ने झूठा हलफनामा देकर नया पासपोर्ट बनवाया और विदेश यात्रा कर ली. अब पुलिस यह जांच कर रही है कि इस फर्जीवाड़े में केवल दंपति शामिल थे या कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय है. आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement