4 साल में चौथी बार कृष्णा ज्वेलर्स बना निशाना, इस बार छत काटकर लाखों के गहने और चांदी का सामान ले उड़े चोर

सूरत के पांडेसरा इलाके में चोरों ने कृष्णा ज्वेलर्स की दुकान की छत का टीन काटकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी CCTV का DVR भी अपने साथ ले गए. यह चार साल में चौथी बार है, जब इसी दुकान को चोरों ने निशाना बनाया है.

Advertisement
छत काटकर अंदर घुसे चोर.(Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG) छत काटकर अंदर घुसे चोर.(Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG)

संजय सिंह राठौर

  • सूरत,
  • 28 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:02 PM IST

गुजरात के सूरत शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. पांडेसरा इलाके में स्थित कृष्णा ज्वेलर्स की दुकान को शातिर चोरों ने देर रात निशाना बनाया. चोर दुकान की छत पर लगे टीन को काटकर अंदर घुसे और सोने-चांदी के गहनों समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए. जाते-जाते आरोपी दुकान में लगा CCTV का DVR भी अपने साथ ले गए ताकि उनकी पहचान न हो सके.

Advertisement

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पांडेसरा पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण किया. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें: चंपत राय को पहले से था चढ़ावा चोरी का शक? 5 जून के CCTV फुटेज से एक और बड़ा खुलासा

दुकान मालिक मनोज सोनी का कहना है कि पिछले चार वर्षों में उनकी दुकान को कई बार निशाना बनाया गया, लेकिन इस बार चोर चोरी करने में सफल हो गए.

रात करीब 2 बजे वारदात, छत काटकर अंदर घुसे चोर

जानकारी के अनुसार, चोरी की वारदात पांडेसरा थाना क्षेत्र स्थित कृष्णा ज्वेलर्स में रात करीब 2 बजे हुई. चोरों ने किसी तरह की आवाज न हो, इसके लिए दुकान की टीन की छत को कटर से काटा और उसी रास्ते अंदर प्रवेश किया.

Advertisement

दुकान में घुसने के बाद चोरों ने सोने-चांदी के गहने, चांदी के बर्तन, गिलास, मूर्तियां, कंदोरा, पुरुषों और महिलाओं के ब्रेसलेट तथा 925 सिल्वर के विभिन्न सामान समेट लिए. दुकानदार के मुताबिक करीब 15 किलोग्राम चांदी का सामान और लगभग ढाई किलो पुराना कबाड़ भी चोरी हुआ है.

शुरुआत में दुकानदार ने करीब 30 लाख रुपये की चोरी होने की बात कही थी. हालांकि जांच के दौरान पुलिस को 7.42 लाख रुपये के सामान के ही बिल उपलब्ध कराए गए. फिलहाल पुलिस ने 7.42 लाख रुपये की चोरी का मामला दर्ज किया है. स्टॉक के मिलान और मूल्यांकन के बाद वास्तविक नुकसान का आंकड़ा सामने आएगा.

सबूत मिटाने के लिए DVR भी उखाड़ ले गए

चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे. दुकान के अंदर और बाहर CCTV कैमरे लगे थे, लेकिन आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए CCTV सिस्टम का DVR भी उखाड़कर अपने साथ ले गए.

पांडेसरा पुलिस इंस्पेक्टर के. डी. जाडेजा ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चोर टीन की छत काटकर दुकान के अंदर दाखिल हुए और चांदी के गहने व मूर्तियां चोरी कर ले गए. शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और स्टॉक का मिलान किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यह भी पता चला है कि CCTV का DVR भी गायब है. पुलिस आसपास के अन्य CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.

Advertisement

4 साल में चौथी बार बनी दुकान निशाना

दुकान मालिक मनोज सोनी ने बताया कि पिछले चार वर्षों में उनकी दुकान को यह चौथी बार निशाना बनाया गया है. वर्ष 2023 या 2024 में मानसून के दौरान चोरों ने शटर उठाकर चोरी की कोशिश की थी. इसके बाद दिसंबर 2025 में भी चोरी का प्रयास हुआ था.

करीब छह महीने पहले भी चोर दुकान में घुसने की कोशिश कर चुके थे, लेकिन मकान मालिक और पड़ोसियों की सतर्कता के कारण वे भाग निकले थे. इस बार आरोपी अपने मंसूबे में सफल हो गए.

मनोज सोनी ने आरोप लगाया कि पहले की घटनाओं में उन्होंने पुलिस से शिकायत करने की कोशिश की थी, लेकिन यह कहकर शिकायत दर्ज नहीं की गई कि दुकान टीन की बनी हुई है.

व्यापारियों में डर, पुलिस पर उठे सवाल

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पिछले साढ़े छह से सात महीनों में इलाके में सात से आठ बड़ी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं. लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है.

लोगों ने पुलिस से इलाके में नाइट पेट्रोलिंग बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है. फिलहाल पांडेसरा पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »